झारखंड विधानसभा चुनाव, आज 17 विधानसभा सीटों पर मतदान
झारखंड में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए गुरुवार को राज्य की 17 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन सीटों पर 56 लाख 18 हजार मतदाता 309 उम्मीदवारों की तकदीर का फैसला करेंगे।
बता दें कि रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकट्ठा विधानसभा क्षेत्रों में मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। बाकी सीटों के लिए शाम तीन बजे तक ही वोट डाले जा सकेंगे। चुनाव आयोग ने रांची, हजारीबाग और रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में बूथ एप के इस्तेमाल का फैसला लिया है। इसके जरिए मतदाता बूथ पर मतदान की बारी का पहले टोकन लेंगे फिर निर्धारित दिए गए समय आने पर वोट डालेंगे।
प्रशासन ने मतदान की तैयारी पूरी कर ली है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम तैनात किये गए हैं। वोटिंग के लिए 7,016 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 3680 मतदान केंद्रों को अति संवेदनशील और 1662 को संवेदनशील घोषित किया गया है। यहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।