देश विदेश

नागरिकता संसोधन बिल के खिलाफ असम-त्रिपुरा में उग्र विरोध, 2 की मौत

नागरिकता संसोधन बिल के खिलाफ असम-त्रिपुरा समेत पूर्वोत्तर के कई राज्यों में उग्र विरोध-प्रदर्शन जारी है। गुरुवार को असम के कई इलाकों में हिंसक घटनाएं हुई। कर्फ्यू के बाद भी गुवाहाटी के कई इलाकों में लोग सड़कों पर उतरे। इस दौरान पुलिस के साथ उनकी झड़प भी हुई।

पुलिस ने बताया कि लालुंग गांव में उन्हें गोलियां भी चलानी पड़ीं क्योंकि प्रदर्शनकारियों ने उन पर पथराव किया। गोली लगने से घायल दो व्यक्तियों की गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में मौत हो गई। गोली लगने से घायल 11 लोगों को वहां लाया गया था।

प्रदर्शनकारियों ने सोनितपुर के बेहली में असम के हथकरघा मंत्री रंजीत दत्ता के आवास पर हमला कर दिया और जमकर पथराव किया। डिब्रूगढ़ के चाबुआ में स्थानीय विधायक विनोद हजारिका के आवास को प्रदर्शनकारियों ने जला दिया। इमारत में खड़े वाहनों को प्रदर्शनकारियों ने जला दिया। वहीं, भाजपा विधायक पद्मा हजारिका के घर पर प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी।

असम के हेतीगांव, लचितनगर, डाउनटाउन, गणेशगुरी और लालुंगांव समेत गुवाहाटी में कई स्थानों पर पुलिस फायरिंग की खबर है। तेजपुर के माधवधाम में उस समय फायरिंग करनी पड़ी जब एक व्यक्ति ने प्रदर्शनकारियों के एक समूह में अपने वाहन को घुसा दिया, जिससे चार लोग घायल हो गए। प्रदर्शनकारियों ने उस व्यक्ति पर हमला किया और उसके वाहन को जला दिया।

जोरहाट, गोलाघाट, तिनसुकिया और चराईदेव जिलों में रात का कर्फ्यू लगाया गया है। गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू है। गुवाहाटी को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। वहां हर नुक्कड़ और चौराहे पर सेना, अर्द्धसैनिक बल और राज्य पुलिस के जवान तैनात हैं।

प्रदर्शनकारियों ने असम के डीजीपी भास्कर ज्योति महंत के काफिले पर पथराव किया। हमले के वक्त डीजीपी शहर का दौरा कर रहे थे। उधर, स्थिति से निपटने में नाकाम गुवाहाटी के पुलिस आयुक्त दीपक कुमार को हटा दिया गया है और उनके स्थान पर मुन्ना प्रसाद गुप्ता को नियुक्त किया गया है। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुकेश अग्रवाल का स्थानांतरण एडीजीपी (सीआईडी) के रूप में किया गया और जीपी सिंह को उनका प्रभार दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button