Paytm Mall अब एक्सपोर्ट में, 500 करोड़ रुपये GMV का है रखा लक्ष्य
Paytm Mall एक्सपोर्ट के जरिये शुरुआती दो साल के परिचालन के दौरान 500 करोड़ रुपये के ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) का लक्ष्य कर रही है
ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म Paytm Mall ने बुधवार को कहा कि इसने एक्सपोर्ट के क्षेत्र में कदम रखा है। कंपनी का लक्ष्य मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स के क्षेत्र में देश का सबसे बड़ा ट्रेडिंग हाउंस बनने का है। इसके अलावा Paytm Mall एक्सपोर्ट के जरिये शुरुआती दो साल के परिचालन के दौरान 500 करोड़ रुपये के ग्रॉस मर्चेंडाइज वैल्यू (GMV) का लक्ष्य कर रही है।
पेटीएम मॉल के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट संजीव मिश्रा ने कहा, ‘हमने एक्सपोर्ट के क्षेत्र में कदम रखा है। हमारा उद्देश्य वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाना है। हमारा प्रयास है कि वैश्विक उपभोक्ताओं के लिए मेड इन इंडिया प्रोडक्ट्स की खरीदारी के मामले में हम सबसे बड़े गेटवे की भूमिका निभाएं। हमारे पास सप्लायर्स का बेहतर नेटवर्क है और हम वैश्विक स्तर पर अपनी टीम को तैनात कर रहे हैं।’
ग्लोबल मार्केट में भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए पेटीएम मॉल कई प्रमुख साझेदारों के साथ काम कर रहा है। इनमें पेटीएम मॉल मवारिद डिस्ट्रीब्यूशन, मेयर फूड्स, वेदिका ऑर्गेनिक्स, सीजी इम्पेक्स, फाइव रिवर फूडस्टफ इत्यादि के साथ जुड़ा है।
इसने दक्षिण पूर्व एशिया, मध्य पूर्व, कनाडा, अमेरिका और अफ्रीका में भारतीय उत्पादों के लिए बाजार का विस्तार किया है, जिससे भारतीय विक्रेताओं के लिए व्यापार के अवसरों और विकास में वृद्धि हुई है। इसके अलावा कंपनी अपने मौजूदा मर्चेट पार्टनर्स को नए क्षेत्र में अपने उत्पादों को लॉन्च करने के लिए भी तैयार कर रही है।
परिचालन के पहले दो वर्षों में 500 करोड़ रुपये के जीएमवी के लक्ष्य के साथ पेटीएम मॉल इन केंद्रों में एक टीम बना रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा अवसरों का लाभ उठाकर अधिक कुशल तरीके से हर जगह पर व्यापार किया जा सके। पेटीएम ईकॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व में पेटीएम मॉल अपने अद्वितीय ऑफलाइन-टू-ऑनलाइन (ओ टू ओ) मॉडल के साथ भारत में ई-कॉमर्स व्यापार बेहतरीन तरीके से कर रहा है।


