inh24देश विदेश

मध्यप्रदेश सियासी घमासान – भाजपा विधायक पहुंचे दिल्ली, चार्टर्ड विमान से जाएंगे अज्ञात स्थान

मध्यप्रदेश में जारी राजनीतिक घमासान के बीच देर रात बीजेपी के विधायक मंगलवार दिल्ली पहुंच गए। कहा जा रहा है कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि पार्टी को टूट का डर है। बीजेपी के विधायकों को भोपाल से दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

भोपाल में पार्टी ऑफिस के बाहर कई बसें लगाई गई थीं जिनसे विधायकों को एयरपोर्ट भेजा गया जिसके बाद मंगलवार देर रात सभी विधायक दिल्ली आ गए। बीजेपी के महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दिल्ली एयरपोर्ट पर कहा, ‘हम यहां छुट्टियां मनाने आए हैं। सभी त्योहार के मूड में हैं और हम अभी दिल्ली में ठहरेंगे।

इधर सीएम कमलनाथ ने दावा किया कि उनके पास बहुमत है। कमलनाथ ने मंगलवार शाम को कहा था कि ‘घबराने की जरूरत नहीं है, हम बहुमत साबित करेंगे। हमारी सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। जिन्हें इन लोगों ने कैद करके रखा है, वे मेरे संपर्क में हैं।’

बता दें कि बीजेपी मध्य प्रदेश के अपने सभी विधायकों को विशेष विमान से दिल्ली भेजा गया। कहा जा रहा है कि विधानसभा सत्र बुलाए जाने तक इन विधायकों को भोपाल से दूर ही रखा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने मीडिया से कहा कि पार्टी के सभी विधायक होली खेलने के लिए एक चार्टर्ड विमान से अज्ञात स्थान पर जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘हम होली खेलने जा रहे हैं। हम एयरपोर्ट पर बसों से जा रहे हैं। पार्टी नेताओं के निर्देशों के बाद हम हवाईअड्डे से किसी स्थान के लिए जाएंगे।’ मध्यप्रदेश में मचे सियासी उथल-पुथल के बीच अनुमान लगाया जा रहा है कि कांग्रेस भी कुछ भाजपा विधायकों को अपने पाले में खींचने के लिए प्रयास कर सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button