कोलकाता में एक बिल्डिंग से अचानक नोटों की बारिश होने लगी. बिल्डिंग से होती नोटों की इस बारिश को देखकर लोग हैरान रह गए. जानकारी के मुताबिक, जब नोट खिड़की से फेंके गए उस वक्त इस इमारत में आयकर विभाग के अधिकारी छापेमारी के लिए गए थे।
आपको बता दें कि 2000, 500 और 100 रुपये के नोट हवा में उड़ रहे थे और आसपास का नजारा देख लोग हैरान हो रहे थे। लोगो को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर इतने सारे नोट अचानक से आसमान में कैसे उड़ने लगे. आसमान से नोटों की बारिश के बाद अब बारी थी नोटों के बंडल के गिरने की।
आसमान से बारी-बारी से 2000, 500 और 100 रुपये के नोट के बंडल गिर रहे थे. नोटों के कुछ बंडल बिल्डिंग की खिड़की पर अटक गए थे, तो उन्हें डंडे की मदद से नीचे गिराया गया.ऊपर से नोटों के बंडल गिर रहे थे और नीचे खड़े कर्मचारी उनको उठाने में लगे थे. बेहद चौंकाने वाली ये तस्वीरें कोलकाता से आई हैं. यहां आयात-निर्यात व्यवसाय से जुड़ी निजी फर्म के ऑफिस में DRI अधिकारी तलाशी लेने के लिए पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि छापेमारी की खबर से दफ्तर में अफरा तफरी मच गई और दफ्तर के अंदर खिड़की से करीब आठ से 10 लाख रुपये के 500 और 2000 रुपये के नोटों की गड्डियां नीचे फेंकी गई। हालांकि, इस मामले की अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है कि कंपनी किसकी थी, किस वजह से यहां छापा मारा गया और कुल अधिकारियों को कुल कितनी रकम की बरामदगी हुई।




