झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ई-मेल के जरिए जान से मारने की धमकी दी गयी है। पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री को दो बार ई-मेल भेज कर जान से मारने की धमकी दी गयी है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने राजधानी रांची के साइबर थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी है।
बता दें कि मामले की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए साइबर थाने की पुलिस और अपराध अनुसंधान विभाग( सीआईडी) जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक जाँच में साइबर सेल ई-मेल भेजने वाले का आईपी एड्रेस पता लगाने में कामयाब हो गया है। हालांकि, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। वहीं, धमकी भरे मेल के बाद मुख्यमंत्री की सुरक्षा और बढ़ा दी गयी है।




