कमलनाथ सरकार पर संकट के बादल, हरियाणा में 8 विधायकों को बंधक बनाये जाने का आरोप
कांग्रेस ने बीजेपी पर कमलनाथ सरकार को गिराने की कोशिश करने और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का भी आरोप लगाया है
कांग्रेस पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी पर मध्यप्रदेश के 8 विधायकों को गुरुग्राम के एक लग्जरी होटल में बंधक बनाने का आरोप लगाया है कहा जा रहा है कि कमलनाथ सरकार पर संकट के आसार नजर आ रहे हैं। कांग्रेस ने बीजेपी पर कमलनाथ सरकार को गिराने की कोशिश करने और विधायकों की खरीद-फरोख्त करने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद कांग्रेस तत्काल हरकत में आई और आधी रात को विधायकों को गुरुग्राम के होटल से निकाला।
मध्य प्रदेश के वित्तमंत्री भनोट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के 8 विधायकों को गुरुग्राम के आईटीसी ग्रैंड भारत होटल में बंधक बना रखा है इनमें से 4 विधायक कांग्रेस पार्टी, 2 विधायक बहुजन समाज पार्टी और एक विधायक समाजवादी पार्टी से हैं, जबकि एक विधायक निर्दलीय है।
मध्य प्रदेश के वित्तमंत्री तरुण भनोट ने यह भी आरोप लगाया कि कमलनाथ सरकार के मंत्री जीतू पटवारी और मंत्री जयवर्धन सिंह होटल पहुंच चुके हैं और उन्हें विधायकों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। होटल में बंधक बनाकर रखे गए विधायकों की निगरानी के लिए हरियाणा पुलिस को लगाया गया है।
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर कहा कि ‘भारतीय जनता पार्टी ने मध्य प्रदेश के कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी के विधायकों को दिल्ली लाने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है. बहुजन समाज पार्टी की विधायक राम बाई को क्या भारतीय जनता पार्टी के पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह चार्टर फ्लाइट में भोपाल से दिल्ली नहीं लाए? इस पर शिवराज सिंह चौहान कुछ कहना चाहेंगे? लेकिन हमें राम बाई पर पूरा भरोसा है. वो मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रशंसक हैं और उनका समर्थन करती रहेंगी.’
आपको बता दें कि दिग्विजय सिंह के इस ट्वीट के बाद एक बार फिर मध्यप्रदेश की राजनीति गरमा गई है। दरअसल सोमवार को संसद परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके दिग्विजय सिंह ने खुलासा किया था कि बीजेपी के दो बड़े नेता शिवराज सिंह चौहान और नरोत्तम मिश्रा सरकार गिराने की कोशिश कर रहे हैं और इन दोनों ने कई कांग्रेसी विधायकों को 25 से 30 करोड़ रू तक का ऑफर दिया है।




