शेयर बाजार में तेजी का रूख, सेंसेक्स ने मारी इतनी उछाल
भारतीय शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला बरकरार है. सप्ताह के तीसरे दिन शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 300 अंक से अधिक मजबूत होकर 41 हजार 500 अंक के पार हो गया तो वहीं निफ्टी 100 अंक की मजबूती के साथ 12,200 अंक के पार कारोबार करता दिखा।
सबसे बड़ी तेजी टाटा स्टील, एचडीएफसी, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी में रही. वहीं इंडसइंड बैंक के शेयर में 2 फीसदी से अधिक गिरावट दर्ज की गई। दरअसल, रेटिंग एजेंसी मूडीज इन्वेस्टर सर्विस ने इंडसइंड बैंक के आउटलुक को ‘स्थिर’ से घटाकर ‘नकारात्मक’ कर दिया है।
कहा जा रहा है कि बैंक की संपत्ति की गुणवत्ता में और गिरावट के मद्देनजर रेटिंग एजेंसी ने यह कदम उठाया है। मूडीज ने नोट में कहा कि निजी क्षेत्र के बैंक की रेटिंग या साख को बीएए-3-पी-3 पर कायम रखा गया है। बीएए3 निवेश श्रेणी में सबसे निचली रेटिंग होती है, यह दीर्घावधिक की ऐसी कॉरपोरेट प्रतिबद्धताओं पर आधारित होती है जिसमें जोखिम कम होता है।
सप्ताह के शुरुआती दो दिन शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव रहा. मंगलवार को सेंसेक्स 236.52 अंकों की तेजी के साथ 41,216.14 पर और निफ्टी 76.40 अंकों की तेजी के साथ 12,107.90 पर बंद हुआ. दिन भर के कारोबार में सेंसेक्स ने 41,444.34 के ऊपरी स्तर और 41,179.14 के निचले स्तर को छुआ था।
तो वहीं निफ्टी 12,172.30 के ऊपरी स्तर और 12,099.00 के निचले स्तर पर रहा. इससे पहले सोमवार को बाजार में गिरावट दर्ज की गई। इस दिन सेंसेक्स 162.23 अंकों की गिरावट के साथ 40,979.62 पर और निफ्टी 66.85 अंकों की गिरावट के साथ 12,031.50 पर बंद हुआ।


