जोमेटो सीईओ ने की दूसरी शादी, मैक्सिकन है पत्नी, भारत में चला रही स्टार्टअप

नई दिल्ली। ऑनलाइन ऑर्डर लेकर भोजन पहुंचाने वाली कंपनी जोमैटो के संस्थापक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) दीपिंदर गोयल ने मैक्सिको की मॉडल से उद्यमी बनीं ग्रेसिया मुनोज से शादी की है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।
हाल ही में अपने मंच पर ‘सिर्फ शाकाहारी’ सेवा शुरू करने वाले गोयल की यह दूसरी शादी है।
गोयल (41) की पहले कंचन जोशी से शादी हुई थी। दिल्ली स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में गोयल और जोशी एक ही विभाग में पढ़ते थे।
एक सूत्र ने पीटीआई-भाषा से कहा, “ग्रेसिया भारत में लक्जरी उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्र में अपना स्टार्टअप चला रही हैं। वह पहले मॉडलिंग करती थीं। गोयल से उनकी शादी कुछ महीने पहले हुई है।”
ग्रेसिया के इंस्टाग्राम में उनके परिचय में लिखा है, “मैक्सिको में जन्मीं और अब भारत में अपने घर में।” ग्रेसिया मेट्रोपॉलिटन फैशन वीक, 2022 की विजेता रही थीं।




