छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स चुनाव के पांचवें चरण का मतदान आज, इस पैनल बिच है कड़ी टक्कर
छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज मतदान हो रहा है, रायपुर में होने वाले मतदान की तैयारी शुक्रवार को देवेंद्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में पूरी कर ली गई है

छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। बता दें कि रायपुर में होने वाले मतदान की तैयारी शुक्रवार को देवेंद्र नगर स्थित गुजराती स्कूल में पूरी कर ली गई है। यहां सुबह 10 बजे से मतदान शुरू हो गया है और शाम 5 बजे तक मतदान तक चलेगा। गुजराती स्कूल मतदान केंद्र में सुरक्षा व पोलिंग बूथों की चाक चौबंद व्यवस्था चैंबर के मुख्य निर्वाचन अधिकारी व स्थानीय पुलिस प्रशासन की देखरेख में की गई है।
गौरतलब है कि पांचवें चरण में रायपुर के साथ ही गरियाबंद, बलौदाबाजार, महासमुंद और भाटापारा में एक साथ मतदान होगा। पांचवें चरण के चुनाव में 9,048 मतदाता मतदान करेंगे। पांचवें चरण के चुनाव को छत्तीसगढ़ चैंबर चुनाव के लिए निर्णायक माना जा रहा है। चैंबर चुनाव के जानकारों का कहना है कि पांचवें चरण के मतदान में जो पैनल बढ़त हासिल करेगा, चैंबर का सरताज वही बनेगा।
बता दें कि मुख्य मुकाबला जय व्यापार पैनल और व्यापारी एकता पैनल के बीच है, अब अंतिम फैसला तो मतदान के बाद रविवार को मतगणना के समय तय हाेगा। छत्तीसगढ़ चैंबर आफ कामर्स के चुनाव में इस बार 16,215 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर रहे हैं।
जय व्यापार पैनल से प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी अमर पारवानी एवं रायपुर जिला उपाध्यक्ष प्रत्याशी निलेश मूंदड़ा ने एसपी अजय यादव एवं मुख्य चुनाव अधिकारी शिवराज भंसाली से भेंट की। पारवानी ने इस दौरान शनिवार को होने वाले चैंबर के अंतिम चरण के चुनाव में बोगस पोलिंग की संभावना जताते हुए एसपी श्री यादव से कड़ी प्रशासनिक व्यवस्था का आग्रह किया।
इसके साथ ही मुख्य चुनाव अधिकारी शिवराज भंसाली से भेंटकर उन्हें 427 नामों की सूची भी सौंपी, जो अब मतदान के पात्र नहीं हैं। जय व्यापार पैनल से प्रदेश अध्यक्ष प्रत्याशी अमर पारवानी, महामंत्री प्रत्याशी अजय भसीन, कोषाध्यक्ष प्रत्याशी उत्तम गोलछा सहित रायपुर जिले से उपाध्यक्ष एवं मंत्री प्रत्याशियों ने अंतिम दो दिनों में मतदाताओं तक पहुंचकर अपनी बात रखी और जय व्यापार पैनल के लिए समर्थन मांगा।




