कैंसर से पहले आपका शरीर देता है संकेत, इन चीजों का रखें ध्यान
चार फरवरी को विश्व कैंसर दिवस मनाया जाता है। कैंसर के प्रति जागरुकता और इस बीमारी से बचाव के उद्देश्य से दुनियाभर के सारे देश विश्व कैंसर दिवस मनाते हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें फेफड़े के कैंसर से होती हैं।
फेफड़े का कैंसर एक ऐसा कैंसर है जो पुरुषों को सबसे ज्यादा होता है और कई बार आखिरी स्टेज में इसके लक्षणों की पहचान हो पाती है। फेफड़े के कैंसर के कई कारण है जिनमें सिगरेट और तंबाकू का सेवन सबसे आम है।
सिगरेट के धुएं में चार हजार से ज्यादा रसायन होते हैं जिसकी वजह से फेफड़े के कैंसर का जोखिम बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। शोधों में यह बात सामने आई है कि अगर कोई व्यक्ति एक दिन में एक पैकेट सिगरेट पीता है तो उसे फेफड़े के कैंसर का जोखिम 20 से 25 फीसदी बढ़ जाता है। आइए जानते हैं फेफड़े के कैंसर के लक्षण
अगर आपकी लगातार सांस फूल रही है और हर वक्त शरीर में थकान बनी रहती है तो आपको फौरन डॉक्टर को दिखाना चाहिए। क्योंकि कैंसर के लक्षणों में सांस फूलना और हर वक्त थकान बने रहना भी शामिल है।
इसके अलावा, अगर आपको भूख कम लगती है और हर वक्त आपका पाचन तंत्र खराब रहता है तो यह भी कैंसर का लक्षण हो सकता है। यहां ध्यान रखें कि अगर आपकी पाचन संबंधी दिक्कत कुछ दिनों में ठीक नहीं हो रही और लंबे वक्त से बनी हुई है तो यह कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है।
शौच के रास्ते या फिर खांसते या थूकते समय ब्लीडिंग हो जाए तो तुरंत सावधान हो जाएं। ये समय बिल्कुल भी लापरवाही करने का नहीं है, तुरंत ही किसी अच्छे डॉक्टर से सम्पर्क करें। अगर लंबे वक्त से आपको कोई घाव ठीक नहीं हो रहा है तो आपको इस बात पर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए क्योंकि ये कैंसर का लक्षण हो सकता है।




