चाईबासा से द्वितीय चरण का चुनाव निर्विघ्न कराकर लौट रहे सीआरपीएफ के जवान और अधिकारी बोकारो के गोमिया स्थित कुर्कनाला में आपस में ही लड़ भिड़ गए। जानकारी के मुताबिक आपसी फायरिंग में असिस्टेंट कमांडेंट समेत दो अधिकारियों की मौत हो गई। वहीं चार जवान घायल हो गए। घायल जवानों में दो को इलाज के लिए रांची लाया गया है।
मिली प्रारंभिक सुचना के अनुसार बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के कुर्कनालो उच्च विद्यालय और मध्य विद्यालय में सीआरपीएफ की 226वीं बटालियन को ठहराया गया था तक़रीबन दो बजे जवान स्कूल में पहुंचे थे।
रात में करीब 8.30 बजे खाना खाने को लेकर दोनों स्कूलों में ठहरे जवानों में विवाद हो गया। इसके बाद हाई स्कूल में ठहरे जवानों ने मिडिल स्कूल के जवानों पर दनादन गोली बरसाना शुरू कर दिया उसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई।
गोलीबारी में सीआरपीएफ के दो अधिकारियों असिस्टेंट कमांडेंट साहुल अहसन और एएसआइ पूर्णानंद भुइयां की मौत हो गई, जबकि गोली लगने से घायल दो कांसटेबल उपेंद्र यादव और हरिश्चंद्र गोखले को इलाज के लिए रांची भेजा गया है। इनके अलावा दो घायल जवानों खुखलरी और दीपेंद्र कुमार का इलाज बोकारो में चल रहा है।
एडीजी ऑपेरशन मुरारी लाल मीणा के अनुसार सभी जवान छतीसगढ़ सीआरपीएफ की 226 बटालियन के हैं। ये झारखंड में चुनाव कराने आए हैं। इसी बटालियन के अधिकारी और जवान आपस में भिड़े हैं। दो घायलों को इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची लाया गया है।




