अमलीपदर थाना क्वारेंटाइन सेंटर में तब्दील, कल जवान पाया गया था कोरोना पॉजिटिव
प्रतीक मिश्रा गरियाबंद – जिले के अमलीपदर थाना को क्वारेंटाइन सेंटर में तब्दील कर दिया गया है, कल थाना के एक आरक्षक के संक्रमित पाए जाने के बाद सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम उठाया गया है, थाने में पदस्थ पूरे स्टॉफ को 14 दिन के लिए क्वारेंटाइन किया गया है।
इसके साथ ही थाने को सैनेटाइज किया जा रहा है और सभी स्टॉफ के मेडिकल जांच का काम शुरू हो गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल पूरे स्टॉफ को थाना में ही क्वारेंटाइन किया गया है, जवान को कल ही तबादले के बाद रिलीव किया गया था, जवान को ईलाज के लिए रायपुर भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि अमलीपदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांवो को फिलहाल देवभोग थाना में अटैच कर दिया गया है, इस दौरान इस क्षेत्र की जो शिकायते आएंगी उन्हें देवभोग थाना प्रभारी हैंडल करेंगे।
गौरतलब है कि जिले में पुलिस जवान के संक्रमित होने का यह पहला मामला है पुलिस ने इसके बाद अपनी रणनीति में भी बदलाव कर दिया है, जिले के जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों ने जवानों को ज्यादा से ज्यादा एहतियात बरतने के निर्देश जारी किए हैं।




