महिला ने सास और ननद पर फांसी पर टांगने का लगाया आरोप, रायपुर की घटना
रायपुर में एक महिला को उसकी सास और ननद द्वारा जान से मारने की कोशिश का हैरतअंगेज मामला सामने आया है। महिला ने आरोप लगाया है कि सास और ननद ने मारपीट के बाद उसे फांसी पर लटका दिया था। मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती करता गया है।
घटना गुढियारी थाना क्षेत्र की है, मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। बता दें कि एक महिला ने अपनी सास और ननद के ऊपर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़िता रेखा ( परिवर्तित नाम) की वर्ष 2018 में गुढ़ियारी के विकास नगर के रहने वाले राकेश जंघेल से शादी हुई थी। पीड़िता को उसकी सास और ननद प्रताड़ित करते थे और मारपीट भी करते थे।
पीड़िता ने अपने आरोप में बताया है कि 13 जून की रात सास और ननद के साथ उसका झगड़ा हुआ फिर 14 जून को उसी विवाद की बात को लेकर उसकी सास और ननद साधना नागपुरे ने उसे फांसी पर लटका दिया था, जिससे वह बेहोश हो गई थी। महिला ने बताया कि उसे याद नहीं है कि उसे किसने नीचे उतारा। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान पीड़िता का मजिस्ट्रेट के सामने बयान कराया गया। पुलिस ने सास और ननद के खिलाफ धारा 307 के तहत अपराध दर्ज किया है।




