छग में धान खरीदी केंद्रों में लापरवाही पर ताबड़तोड़ कार्यवाही, कई जगह समिति प्रबंधक निलंबित
बेमेतरा जिले के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित जेवरा का आकस्मिक निरीक्षण कलेक्टर शिखा राजपूत तिवारी ने किया। निरीक्षण के दौरान समिति प्रबंधक सनत कुमार दुबे को धान उपार्जन केन्द्र जेवरा में अनुपस्थित पाए जाने तथा खरीदे गए धान को तालपतरी से सही ढंग सेे ढका हुआ नही पाए जाने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
बता दें कि निलंबन अवधि में दुबे का मुख्यालय नोडल कार्यालय जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित दुर्ग प्रक्षेत्र जिला बेमेतरा होगा। सनत कुमार दुबे समिति प्रबंधक को निलंबन अविधि में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक कर्मचारी सेवा नियम के तहत जीवन निर्वाह भत्ता की पात्रता होगी।
उनके स्थान पर धान उपार्जन केन्द्र एवं जिया, सेवा सहकारी समिति मर्यादित, जेवरा के प्रभार सहायक समिति प्रबंधक, श्री अश्वनी कुमार को दिया गया है।
जांजगीर चांपा जिले की धान खरीदी केन्द्र सोंठी और सिवनी में धान की सुरक्षा के लिए ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था नहीं करने पर समिति प्रबंधक और धान खरीदी केन्द्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर जनक प्रसाद पाठक एवं अनुविभागीय अधिकारी राजस्व चाम्पा के निर्देशानुसार सोमवार को सतर्कता दल द्वारा राजस्व अनुविभाग चाम्पा के अन्तर्गत धान खरीदी केंद्र चाम्पा, सिवनी, अफरीद, अमरुवा, सारागांव, सोठी, झर्रा, (भंवरेली) का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान धान खरीदी केंद्र सोठी एवं सिवनी मे डेनेज की व्यवस्था नहीं होने के कारण समिति प्रबंधक एवं धान खरीदी केन्द्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
इसी प्रकार धान खरीदी केंद्र सारागाँव मे समिति प्रभारी एवं ऑपरेटर अनुपस्थित पाये गये इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। धान खरीदी केंद्र झर्रा (भंवरेली) मे किसान श्री लतेल पिता दुखीराम द्वारा तौलाकर रखा गया 40 क्विंटल धान की गुणवत्ता अमानक पाया गया। धान में नमी की मात्रा 17 से अधिक पाया गया। जिसका टोकन तत्काल निरस्त करवाते हुये सम्बन्धित प्रभारी एवं प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
सोमवार को किये गये निरीक्षण में धान खरीदी से संबंधित जिन कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनमें सिवनी के संस्था प्रबंधक ललित देवांगन, धान खरीदी प्रभारी श्यामसुंदर राठौर, धान उपार्जन केन्द्र सोंठी के संस्था प्रबंधक शत्रुहन पटेल, धान खरीदी प्रभारी बालेश्वर साहू और धान उपार्जन केन्द्र सारागांव के खरीदी प्रभारी उमाशंकर चंद्रा और कम्प्यूटर आपरेटर कोमल कंवर शामिल है।
सरगुजा जिले में एक दिसम्बर से 16 दिसम्बर तक समर्थन मूल्य पर 4 हजार 473 किसानों से 31 करोड़ 6 लाख 76 हजार 692 रूपये के 16 लाख 9 हजार 322.40 क्विंटल धान की खरीदी उपार्जन केन्द्रों द्वारा की गई है।
जिला खाद्य अधिकारी अम्बिकापुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बैंक शाखा अम्बिकापुर अंतर्गत 577 किसानों से 21 हजार 525 क्विंटल धान का 3 करोड़ 94 लाख 97 हजार 974 रूपए का भुगतान सीधे उनके बैंक खातों में किया गया।
इसी प्रकार कमलेश्वरपुर शाखा अंतर्गत 99 किसानों को 3 हजार 30.40 क्विंटल धान का 55 लाख 58 हजार 104 रूपये, धौरपुर शाखा अंतर्गत 422 किसानों को 16 हजार 216.40 क्विंटल धान का 2 करोड 97 लाख 53 हजार 638 रूपये, बतौली शाखा अंतर्गत 537 किसानों को 19 हजार 678.80 क्विंटल धान का 3 करोड़ 61 लाख 9 हजार 882 रूपये, लखनपुर शाखा अंतर्गत एक हजार 447 किसानों कोे 5 हजार 468.80 क्विंटल धान का 9 करोड़ 92 लाख 14 हजार 960 रूपये तथा सीतापुर शाखा अंतर्गत एक हजार 391 किसानों को 54 हजार 802.80 क्विंटल धान का 10 करोड़ 5 लाख 42 हजार 194 रूपये का भुगतान जिला सहकारी बैंक द्वारा किया गया है।