लाइफस्टाइल

जानें आखिर क्या है जीका वायरस का संक्रमण, जानें इसके लक्षण और बचाव

केरल की राजधानी जिले के एक अस्पताल में पिछले महीने 24 वर्षीय गर्भवती महिला को बुखार, सिरदर्द और चकत्ते के साथ रिपोर्ट किया गया था. पहले रिजल्ट में जीका वायरस के माइल्ड पॉजिटिव संकेत दिखे और बाद में जांचे गए 19 सैंपल में से 13 सैंपल को भी जीका पॉजिटिव पाया गया. यहां जानें आखिर क्या है जीका वायरस संक्रमण –

जीका वायरस संक्रमण के बारे में

कैसे फैलता है जीका वायरस?

यह मुख्य रूप से एडीज प्रजातियों के संक्रमित मच्छर के काटने से होता है. ये वही प्रजाति है, जिसके काटने से डेंगू होता है.

ये वायरस कितने समय तक शरीर में रह सकता है?

संक्रमित होने पर जीका वायरस आमतौर पर एक हफ्ते तक एक संक्रमित व्यक्ति के खून में रहता है.

जीका के लक्षण क्या हैं?

याद रखें कि ये कोई जानलेवा बीमारी नहीं है. आमतौर पर 5 संक्रमित लोगों में से 1 में इसके लक्षण दिखते हैं.

आम लक्षणों में बुखार, चकत्ते, जोड़ों में दर्द या आंखों का लाल होना शामिल है.
आमतौर पर संक्रमित मच्छर के काटने के 2 से 7 दिन बाद इसके लक्षण दिखने शुरू होते हैं. ज्यादातर लोगों को इंफेक्शन के बाद भी भर्ती होने की जरूरत नहीं होती और इस वायरस के कारण मौत होने की आशंका न के बराबर होती है.

फिर जीका को लेकर डर क्यों?

जीका दशकों से है. लेकिन दक्षिण और मध्य अमेरिका में पैदा होने वाले ऐसे नवजातों की संख्या बढ़ी है, जिनकी खोपड़ी छोटी होती है, इस कंडिशन को ‘माइक्रोसिफेली’ कहा जाता है.

ऐसी आशंका जताई गई है कि जीका वायरस से संक्रमित गर्भवती महिलाएं असामान्य रूप से छोटे सिर वाले बच्चों को जन्म दे रही हैं, जिससे दुनियाभर में जीका को लेकर डर के हालत बन गए हैं.
जीका का इलाज क्‍या है?

इस वायरस को लेकर कोई विशेष इलाज नहीं है. डॉक्टर आराम की सलाह देते हैं. खुद को हाइड्रेटेड रखें, बुखार और दर्द को कम करने के लिए पैरासिटामॉल जैसी दवाइयों की मदद ली जा सकती है.

जीका वायरस से बचने के लिए हम क्या कर सकते हैं?

मच्छरों से बचें. फिलहाल इसके लिए कोई वैक्सीन नहीं है, इसलिए जब तक ये विकसित न हो जाए, तब तक इलाज से ज्यादा बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है.

Related Articles

Back to top button