inh24छत्तीसगढ़

संपादक की कलम से – ख़ूब पर्दा है कि चिलमन से लगे बैठे हैं..

अंबिकापुर,10 जून 2021। भाजयुमो के ज़िलाध्यक्ष पद पर अपेक्षित रुप से विश्व विजय सिंह तोमर का नाम घोषित होने के बाद कार्यकारिणी को लेकर जो कुछ बवाल मचाने की क़वायद कोशिश हुई, वे इस कदर सर के बल गिरी हैं कि यकीं करना मुश्किल है कि सियासत में इतने परिपक्व और पगे हुए लोग भीगे कारतूस को दागने की ऐसी क़वायद भी कर सकते हैं। 

   हालिया विधानसभा चुनाव के पहले से पार्टी पर वर्ग विशेष के क़ब्ज़े और अंधा बाँटे रेवड़ी के आरोप छूपे नहीं रहे। तत्कालीन संगठन प्रभारी सच्चिदानंद उपासने भी इस मसले को लेकर बैठकों में ताकीद करते रहे लेकिन कार्यकर्ताओं का असंतोष थमा नही। खुले तौर पर आरोप के स्वर सप्तक होकर गूंजे जिसमें कहा गया कि संगठन प्रायवेट लिमिटेड कंपनी की तरह माना जा रहा है। यह मसला विधानसभा चुनाव के शर्मनाक नतीजों के बाद भी नहीं सुधरा, वर्ना संगठन के नींव के पत्थर रहे किसी वरिष्ठ का ग़ुस्सा पार्टी कार्यालय के भीतर जिस अंदाज में फूटा उसकी खबरें अतिरंजित रुप से बाहर भला कैसे आतीं। 

    पर हाल अब भी सुधरा है क्या ? भाजयुमो को लेकर सरगुजा में जो कुछ खुले रहस्य के रुप में सामने है उसे देखकर जवाब बेहद स्पष्ट है। 

   यह सही है कि यह मोदी युग है और यह भी सही है कि भाजपा की स्थापना व्यक्तिवाद या व्यक्ति केंद्रित राजनीति के ख़िलाफ़ हुई थी, शुकराना अदा करना चाहिए कि अब भी केंद्रीय स्तर पर ‘परंपराओं के निर्वहन’ के रुप में ही सही इस “औपचारिकता” का कड़ाई से ध्यान दिया जाता है। 

   ज़ाहिर है इस मोदी युग में भी सब कुछ ऐसा सहज नहीं है कि संगठन और जिनसे संगठन बनता है उस देवतुल्य कार्यकर्ता को दरकिनार ही कर दिया जाए, आख़िरकार बंगाल की हार और असम की जीत में संगठन और देवतुल्य कार्यकर्ता की ही भुमिका थी, और जब हार की बात चले तो छत्तीसगढ़ को तो ख़ैर बतौर मानक उपर रखना चाहिए।

   लेकिन फिर घूम कर वही मसला आलम सुधरा क्या ? एक सरल जवाब तो यह हो सकता है कि जब समूचे छत्तीसगढ़ का नहीं सुधरा तो केवल सरगुजा में कोई अपेक्षा क्यों की जाए.. कठिन तब हो जाता है जबकि 6 अप्रैल 1980 के बाद से अविभाजित सरगुजा ने संघर्ष का जो प्रतिमान स्थापित किया वो हमेशा से एकीकृत मध्यप्रदेश के लिए दृष्टांत रहा है। इसलिए इस लिहाज़ से यह सवाल सरगुजा के मौजुदा परिदृश्य पर हो तो कोई अचंभे की बात क्यों होनी चाहिए ?

   जहां से बात शुरु हुई थी उसी जगह पर लौटते हैं। संघर्ष के इस दौर में भाजयुमो का ज़िलाध्यक्ष कौन हो इसे लेकर जो नाम सबसे मुफ़ीद था उस पर संगठन ने मुहर लगा दी, वह नाम था विश्व विजय सिंह तोमर। पंद्रह बरसों के चिर परिचित चेहरों से हटकर आया यह चेहरा यदि संयोग से भी चुना गया तो यह संयोग सटीक और शानदार है। 

  और यह संयोग मात्र नहीं है कि जैसे ही कार्यकारिणी की घोषणा हुई, क़वायद हुई कि साबित किया जाए कि चिर परिचित चेहरो और उनके पीछे मौजुद चेहरे/चेहरों की पसंद को नकार कर ‘संगठन गढ़े चलो सुपंथ पर बढ़े चलो’ की क़वायद को फेल करार दिया जाए।लेकिन जो हुआ वह कम पानी में पत्थर फेंक तेज आवाज़ निकालने की कोशिश से ज़्यादा कुछ भी साबित नहीं हो पाया।

   अफ़सोस तो यह भी है कि इस खुले खेल में छूपे चेहरे ऐसे  पहचाने गए है कि कुशाभाउ ठाकरे परिसर की भृकुटि तन गई है।तकलीफ़ मुझे भी है आख़िर पंद्रह बरस सत्ता के खूब उंचे पर जिन्होंने झूले के पींग भरे हों वे इतने गीले कारतूस क्यों दाग रहे थे ? ऐसा क्यों लगा कि झूले पर पींग भरना तो दूर बैठना तक नहीं आता.. मुझे इस बात का दुख है।आख़िर प्रभावशाली पद/पदों पर तो आज भी इसलिए हैं कि माना जाता है कि उन्हें झूले के पींग उड़ाने का मुकम्मल अनुभव है।

   कार्यकारिणी बनी और कुछ के इस्तीफ़े हुए। जो सामने साफ़ है ( जिसके प्रमाण इस खबरनवीस के पास है ) वह यह बताता है कि इरादतन बग़ैर वजह इस्तीफ़े करा दिए गए, ताकि साबित किया जा सके कि मौजुदा भाजयुमो नेतृत्व कमजोर है। इस फेर में एक चीज़ बड़ी गजब हुई, कुछ की महत्वाकांक्षा को आसमान की उंचाई दी गई और कार्यकारिणी में नियत स्थान को बेहद कम मानते हुए उड़ान में बाधक मान उनसे इस्तीफ़ा करा कर उनके सटीक और बेहतर राजनैतिक भविष्य पर पूर्णविराम लगा दिया गया।वे बलि के वे बकरे साबित हुए जिन्हें बलि योग्य ना मानते हुए छोड़ दिया गया ना तो वे बलि के ही काम आए और ना भविष्य के, क्योंकि कतिपय ऐसे इस्तीफ़े किसी काम के साबित ही नहीं हुए सिवा कुछ सुर्ख़ियाँ बनने के अलावा जिनकी आयु तारीख़ बदल जाने तक सीमित हो जाती है, तारीख़ बदली और अख़बार नए सुर्ख़ियों के साथ हाज़िर होते हैं। राजनीति धैर्य माँगती है पर बेइंतहा प्रतिभा के बावजूद युवा रक्त धैर्य के अभाव में यहाँ नुक़सान खुद का कर गया।

   संगठन के निर्णय को धता बताते हुए पृथक से मंडल में भाजयुमो अध्यक्ष का ऐलान कराना एक और सेल्फ गोल साबित हुआ। भाजपा ज़िला संगठन के तेवर बेहद तल्ख़ हुए और कड़े आदेश जारी कर जिन्होंने ऐसा किया उन्हें ताकीद की गई और चेतावनी दी गई कि यह  हरकत घोर अनुशासनहीनता के दायरे में आती है। 

   तृष्णा ख़त्म नहीं होती जबकि संगठन त्याग तपस्या और बलिदान की बात कहता है। नुक़सान उस खेमे का हुआ है जो अपनी पहचान भी छुपा नहीं पाया है, और उसे हासिल भी कुछ नहीं हो पाया है। फ़ायदा बिलाशक विश्व विजय सिंह तोमर के खाते चला गया है, राजनीति में इतनी जल्दी सीखने का मौक़ा सबको नहीं मिलता और जिस धैर्य से विश्व विजय खेल रहे हैं यदि खेलते रहे तो लगता है वे नाम सार्थक कर लेंगे।

    मेरे चिर-परिचित साथी/साथियों जिनसे मेरा हमेशा वास्ता रहा है जिनका ज़िक्र ना करते हुए जिनकी वजह से सरगुजा की राजनीति में यह हाल नुमाया हुआ है.. या कि जिनकी वजह से मुझे शब्द खर्च करने पड़े हैं.. उनके लिए मशहूर शायर नदीम शाद का शेर याद आता है 

जाने किसका हक दबा कर घर में दौलत लाए हो

और उसपे ये सितम .. इसमें भी बरकत चाहिए

यूँ  दाग देहलवी का लिखा भी मौजू है –

ख़ूब पर्दा है कि चिलमन से लगे बैठे हैं

साफ़ छुपते भी नहीं सामने आते भी नहीं

(याज्ञवल्‍क्‍य वशिष्ठ वरिष्ठ पत्रकार हैं उनके लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होते हैं)

Related Articles

Back to top button