देश में कोरोना वायरस का कहर बदस्तूर जारी है। ताजा आंकड़ों के अनुसार संक्रमितों का आंकड़ा लगातार भारत में बढ़ता ही जा रहा है। अब लगभग 6 हजार से ज्यादा मामले रोज आ रहे हैं। बीते 22 मई को 6570 मरीजों में कोविड 19 की पुष्टि हुई है और बीते कल में 6065 मामले आए हैं। इसके बाद देश में संक्रमितों की संख्या 130855 हो गई है।
बता दें कि भारत में कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित महाराष्ट्र है। महाराष्ट्र में आज रिकॉर्ड 2608 मामले आए हैं। वहीं तमिलनाडु में 759, दिल्ली में 591, गुजरात में 396, कर्नाटक में 216, मध्यप्रदेश में 201, बिहार में 179 मामले आए हैं। इसके बाद भारत में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा सवा लाख के पार पहुंच गया है। भारत में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 130855 हो गई है।
गौरतलब है कि संक्रमितों में 72,990 मरीज एक्टिव केस हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में चल रहा है। इसके अलावा 54,001 मरीज महामारी से ठीक भी हो चुके हैं। अभी तक 3,860 लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई है।
वहीं छत्तीसगढ़ की बात करें तो कल यहां रिकॉर्ड मामला दर्ज किया गया है। कल पाए गए 44 मरीजों के बाद छत्तीसगढ़ में कुल संक्रमितों की संख्या 152 पहुँच गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि यहां मरीजों के ठीक होने का भी सिलसिला लगातार जारी है। कल क्वारंटाइन सेंटर में मौजूद दो लोगो की मृत्यु हुई पर उनकी जाँच रिपोर्ट आनी बाकि है। प्रशासन यहां पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी हुई है।




