Breaking News

सरधापाठ में बाक्साईड खनन के विरोध में हजारों ग्रामीणों संग भाजपा ने किया विरोध प्रदर्शन, जिले में गरमाई सियासत |


जशपुर जिले में बाक्साईड खनन को लेकर जिले में राजनीति गरमा गई है, एक तरफ जहां कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है वही दूसरी ओर भाजपा ने बगीचा के सरधापाठ में बाक्साईड खनन के विरोध में एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया।

यहां हजारों ग्रामीण इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।यहां विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय,पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव व जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने किया। जशपुर के सरधापाठ में आगामी 22 सितंबर को बाक्साईड खनन की प्रस्तावित जनसुनवाई को शासन ने स्थगित कर दिया है।

भाजपा अब इसे निरस्त करने की मांग कर रही है। भाजपा के दिग्गज नेताओं ने सरधापाठ में विरोध प्रदर्शन के दौरान साफ शब्दों में कहा कि यहां बाक्साईड के खनन से यहां की धरती बंजर हो जाएगी और लोगों को विस्थापित होना पड़ेगा जिससे यहां की संस्कृति नष्ट हो जाएगी।

जिला पंचायत अध्यक्ष रायमुनी भगत ने प्रदेश की भूपेश सरकार से सवाल करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकार कांग्रेस की है ऐसे में जिला प्रशासन द्वारा बाक्साईड खनन का प्रस्ताव भेजा जाना ही प्रथम दृष्टया सरकार की मंशा को प्रकट करता है। यदि सरकार उद्योग नहीं चाहती,कांग्रेस के विधायक बाक्साईड का खनन नहीँ चाहते तो उनके आला अधिकारी किसके इशारे पर राज्य सरकार के पर्यावरण विभाग को खनन का प्रस्ताव भेजते हैं।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने औद्योगीकरण का अनुभव साझा करते हुए बताया कि उद्योगों से हानि के अलावा कुछ नहीं मिलेगा, इससे मजदूरों का शोषण होगा और प्रदूषण के साथ बाहरी तत्वों की आवाजाही से पूरा क्षेत्र अशांत हो जाएगा।अपराध बढ़ेंगे ऐसे में यहां किसी भी सूरत में खनन व उद्योग लगने नहीं देंगे।हम सबको एकजुट होकर इसका विरोध करना है।

बता दें कि बाक्साईड खनन के मुद्दे पर भाजपा ने जल जंगल जमीन की लड़ाई के साथ एक बार फिर से अपनी खोई हुई राजनैतिक अस्मिता को खोजने की कवायद शुरू कर दी है।





Related Articles

Back to top button