बस ड्राइवर को महिला ने जमकर धुना, IPS काबरा ने ट्वीट कर कहा यह – cgtop36.com

सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक महिला गुस्से में बस की ड्राइवर सीट पर बैठे शख्स को मार रही है और किसी को फोन लगा रही है. यह वीडियो एक लोकल जर्नलिस्ट ने अपने ट्विटर हैंडल पर ट्वीट किया था।
दरअसल, आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में एक महिला रॉन्ग साइड पर जा रही थी कि तभी सरकारी बस ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी. इस टक्कर से स्कूटी डैमेज हो गई. अपनी स्कूटी की ऐसी हालत देखकर महिला ने आपा खो दिया और वह बस में घुसकर सीधे ड्राइवर सीट पर पहुंची और ड्राइवर की कॉलर पकड़कर उसे नीचे उतारने की कोशिश करने लगी. ड्राइवर की शर्ट के सारे बटन भी खुल गए. महिला उस ड्राइवर को घसीटकर बाहर निकालना चाहती थी लेकिन ड्राइवर अपना बचाव कर रहा था. महिला ने बस में ही ड्राइवर को जमकर धुना।
इस घटना का वीडियो बनाकर किसी ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. ये वीडियो विजयवाड़ा की पुलिस के पास भी पहुंचा तो पुलिस ने इस महिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. वीडियो को रीट्वीट करते हुए आइपीएस अफसर दीपांशु काबरा ने लिखा कि महिला द्वारा ड्राइवर से मारपीट करना बिल्कुल गलत है, निंदनीय है. किसी को कानून हाथ में लेने का हक नहीं. विजयवाड़ा सिटी पुलिस ने सही केस दर्ज किया है. साथ ही इस मामले में यदि ड्राइवर की भी गलती हो, तो उसकी जांच कर उचित कार्यवाही होनी चाहिए।




