विधि पूर्वक पूजा अर्चना के साथ खुले केदारनाथ धाम के द्वार, कोरोना के चलते महज 16 लोग शामिल हुवे पूजा में
आज सुबह भगवान केदारनाथ धाम मंदिर के फाटक इस सीजन के लिए खोल दिए गए हैं। आने वाले छह महीने तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना धाम में ही होगी। आपको बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के समय पूजा में पुजारी समेत सिर्फ 16 लोग ही शामिल हुए। मंदिर परिसर में सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया।
आज सुबह तीन बजे से मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना हुई, मुख्य पुजारी शिव शंकर लिंग द्वारा बाबा की समाधि पूजा के साथ अन्य सभी धार्मिक औपचारिकताएं पूरी की गईं फिर तय समय पर सुबह 6.10 बजे केदारनाथ मंदिर के फाटक खोल दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री रावत ने भगवान केदारनाथ के कपाट खोले जाने पर सभी श्रद्धालुओं को बधाई देते हुए कहा कि बाबा केदार हम सभी पर अपनी कृपा बनाकर रखें। बाबा केदार के आशीर्वाद से हम कोरोना की इस वैश्विक महामारी को हराने में अवश्य कामयाब होंगे। कोरोना के कारण इस बार आम जन दर्शन के लिये नहीं आ सके हैं। हम सभी के मन में बाबा केदार के लिए अपार श्रद्धा है। बाबा केदार, अपने भक्तों पर स्नेह बनाये रखें, यही कामना है।
गौरतलब है कि केदार नाथ धाम के फाटक खुलने के दौरान हर साल की तरह इस बार सेना का बैंड शामिल नहीं हुआ एवं सादगी पूर्वक मंदिर के फाटक खुले। मिली जानकारी के अनुसार अभी केदारनाथ धाम के रावल भीमाशंकर लिंग ऊखीमठ में चौदह दिनों की क्वारंटीन में हैं।
बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड के चार में से तीन धामों के कपाट खुल गये हैं। गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया के अवसर पर 26 अप्रैल को खुल चुके हैं एवं बदरीनाथ धाम के कपाट आने वाले 15 मई को खुलेंगे।



