11 साल में पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीता भारत, धमाकेदार रही जीत
भारत ने हेमिल्टन टी-20 मैच को सुपरओवर में जीत लिया है. इसी के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली
भारत ने हेमिल्टन टी-20 मैच को सुपरओवर में जीत लिया है. इसी के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त बना ली है. भारत ने यह मैच जीतकर न्यूजीलैंड की धरती पर इतिहास रच दिया है।
आपको बता दें कि मैच में जीत के साथ ही भारत ने पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर कीवियों के खिलाफ द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज फतह कर ली. भारत इससे पहले न्यूजीलैंड की धरती पर द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज नहीं जीत पाया था।
भारत ने न्यूजीलैंड की धरती पर न्यूजीलैंड के खिलाफ पहली बार द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज साल 2008-2009 में खेली गई थी. दो मैचों की इस टी-20 सीरीज में भारत को 0-2 से हार झेलनी पड़ी थी. इसके बाद भारत को 2018-2019 में खेली गई टी-20 इंटरनेशनल सीरीज में न्यूजीलैंड ने 2-1 से हराया था. इसी के साथ ही भारत ने 11 साल में पहली बार न्यूजीलैंड की धरती पर द्विपक्षीय टी-20 इंटरनेशनल सीरीज जीती है।
बता दें कि मौजूदा टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को 6 विकेट से शिकस्त दी थी. इसके बाद दूसरे टी-20 मैच को भी भारत ने 7 विकेट से जीता और अब हेमिल्टन में भी तीसरे टी-20 में जीत के साथ भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 3-0 से अजेय बढ़त हासिल कर ली।
न्यूजीलैंड के लिए कप्तान केन विलियमसन ने 95 रनों की पारी खेली, लेकिन वे जीत नहीं दिला सके. न्यूजीलैंड को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन बनाने थे, लेकिन मोहम्मद शमी ने सिर्फ 8 रन ही दिए. उन्होंने आखिरी गेंद पर रॉस टेलर को आउट कर मैच टाई करा दिया. मार्टिन गुप्टिल 31 रन बनाकर आउट हुए।
उन्होंने कॉलिन मुनरो के साथ पहले विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी की. गप्टिल को शार्दुल ने आउट किया. मुनरो (14) को जडेजा ने राहुल के हाथों स्टंप कराया. मिशेल सेंटनर (9) को चहल ने बोल्ड किया।
बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवा कर 179 रन बनाए और न्यूजीलैंड को जीत के लिए 180 रनों का टारगेट दिया. भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 65 रनों की पारी खेली।
रोहित के अलावा कप्तान विराट कोहली ने 38 और विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल ने 27 रनों का योगदान दिया. न्यूजीलैंड के लिए हामिश बेनेट ने 4 ओवर में 54 रन देकर 3 विकेट झटके. मिशेल सेंटनर और कोलिन डी ग्रैंडहोम को 1-1 विकेट मिला।




