टीम इंडिया ने चौथे दिन का खेल खत्म होने तक बनाए 164 रन, विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे रहाणे नाबाद; जीत के लिए 280 रनों की जरूरत |

आत्मविश्वास से लबरेज दिख रहे विराट कोहली (Virat Kohli) विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) गदा और आस्ट्रेलिया (Australia) के बीच खड़े हैं जबकि भारत (India) को फाइनल जीतकर इतिहास रचने के लिये 280 रन की जरूरत है यानी पांचवें और आखिरी दिन दर्शकों को रोमांचक क्रिकेट की सौगात मिलना तय है. चौथे दिन का खेल समाप्त होने पर कोहली 60 गेंद में 44 रन बनाकर और अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) 20 रन बनाकर खेल रहे हैं. जीत के लिये विश्व रिकॉर्ड 444 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने तीन विकेट पर 164 रन बना लिये हैं.
टेस्ट क्रिकेट में चौथी पारी में सर्वोच्च लक्ष्य 418 रन का रहा है जो सफलतापूर्वक हासिल किया गया जबकि इस मैदान पर 263 रन का रिकॉर्ड है. भारत ने शुभमन गिल (18), कप्तान रोहित शर्मा (43) और चेतेश्वर पुजारा (27) के विकेट गंवा दिये. एक समय पर भारत का स्कोर 31वें ओवर में तीन विकेट पर 93 रन था.
इससे पहले आस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी आठ विकेट पर 270 रन के स्कोर पर घोषित की. एलेक्स कारी ने 105 गेंद में 66 और मिचेल स्टार्क ने 47 गेंद में 51 रन बनाये. दोनों ने सातवें विकेट के लिये 120 गेंद में 93 रन की साझेदारी की. भारतीयों के लिये राहत की बात यह है कि कोहली और रहाणे को आस्ट्रेलियाई गेंदबाजों को खेलने में कोई परेशानी नहीं आई. कोहली ने अपनी मजबूत कलाइयों का बखूबी इस्तेमाल करते हुए मिडविकेट और मिडआन पर बेहतरीन शॉट खेले.
भारतीय कप्तान रोहित शर्मा (नाबाद 22) और शुभमन गिल (18) ने कमिंस और स्कॉट बोलैंड का आत्मविश्वास से सामना किया. चाय से ठीक पहले हालांकि बोलैंड की उछालभरी गेंद पर गिल ने गली ने कैमरन ग्रीन को कैच थमा दिया. ग्रीन ने डाइव लगाकर कैच लपका हालांकि रिप्ले से जाहिर था कि यह काफी करीबी मामला था क्योंकि गेंद जमीन के काफी करीब थी.
रोहित ने स्टार्क की दूसरी गेंद पर फाइन लेग में छक्का लगाकर भारतीय दर्शकों में उत्साह का संचार किया. नाथन लियोन ने 20वें ओवर में रोहित को पगबाधा आउट करके भारत को दूसरा झटका दिया. रोहित ने डीआरएस भी लिया लेकिन फैसला गेंदबाज के पक्ष में रहा.
इसके बाद कमिंस की गेंद पर पुजारा एक गैर पारंपरिक शॉट खेलकर विकेट के पीछे कैच थमा बैठे. पहली पारी में बल्लेबाजी के दौरान ऊंगली की चोट का शिकार हुए रहाणे एहतियात के तौर पर फील्डिंग के लिये नहीं उतरे लेकिन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिये आये.
इससे पहले पैट कमिंस ने अपना विकेट गिरने के बाद आस्ट्रेलिया की दूसरी पारी समाप्ति की घोषणा की लेकिन उससे पहले 87 गेंद में 69 रन जोड़े. भारत ने शुरूआती सत्र में दो विकेट लिये लेकिन आस्ट्रेलिया ने लंच तक छह विकेट पर 201 रन बनाकर कुल 374 रन की बढत ले ली थी.
आस्ट्रेलिया को सुबह के सत्र में 26 ओवर में 78 रन बनाने में काफी मेहनत करनी पड़ी. एलेक्स कारी ने 61 गेंद में 41 रन बनाये जबकि मिचेल स्टार्क 11 रन बनाकर खेल रहे हैं. बेहद गर्मी के बीच पिच तेज गेंदबाजों और स्पिनरों दोनों की मदद कर रही है.
आस्ट्रेलिया ने चार विकेट पर 123 रन से आगे खेलना शुरू किया. मार्नस लाबुशेन तीसरे ओवर में विकेट गंवा बैठे जिन्होंने 126 गेंद में 41 रन बनाये. वह अपने कल के स्कोर पर ही उमेश यादव की आफ स्टम्प से बाहर जाती गेंद का शिकार हुए.
गेंद 44 ओवर पुरानी हो चुकी है जिससे उमेश और मोहम्मद शमी ने रिवर्स स्विंग लेने की कोशिश की. रविंद्र जडेजा ने 18 ओवर में 45 रन देकर तीन विकेट लिये. उन्हें आठवें ओवर में गेंद सौंपी गई और यह रणनीति कारगर साबित हुई. उन्होंने कैमरन ग्रीन का विकेट चटकाया जो आगे बढकर रक्षात्मक स्ट्रोक खेलने के चक्कर में आउट हुए.
#WATCH जिस तरह से अजिंक्य रहाणे अच्छा खेल रहे हैं और विराट कोहली उनके साथ में हैं तो अभी भी जीतने की संभावना है। मुझे लगता है कि हम कल का मैच 7 विकेट से जीत जाएंगे। रवींद्र जडेजा और शार्दुल ठाकुर भी शतक लगा सकते हैं: श्याम शर्मा, DDCA,लंदन #WorldTestChampionshipFinal pic.twitter.com/VJ1CMPp2xQ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 10, 2023
लेटेस्ट ब्रेकिंग न्यूज, वायरल ट्रेंड और सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़ी सभी खबरें. आपको ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर वायरल होने वाले हर कंटेंट की सीधी जानकारी उपलब्ध करायी जाएगी. ऊपर दिखाया गया पोस्ट अनएडिटेड कंटेंट है, जिसे सीधे सोशल मीडिया यूजर्स के अकाउंट से लिया गया है. Cgtop36 स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है. सोशल मीडिया पोस्ट Cgtop36 के विचारों और भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है, हम इस पोस्ट में मौजूद किसी भी कंटेंट के लिए कोई जिम्मेदारी या दायित्व स्वीकार नहीं करते हैं.



