बीते दिनों सीजी टॉप 36 में खबर छपने के बाद कलेक्टर एस.एन राठौर आज पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह के साथ विकासखण्ड खड़गवां के अंतर्गत स्थित अंजनी जलाशय पहुंचे जहां उन्होंने क्षतिग्रस्त सलूज गेट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अनुभागीय अधिकारी से बांध की जानकारी ली।
कलेक्टर ने बांध का पानी वेस्टवियर से निकलने के बाद सलूज गेट का पुनः निर्माण कराने के भी निर्देश दिए। एसडीओ सिंचाई विभाग ने बांध की जानकारी देते हुए बताया कि बांध का निर्माण वर्ष 2013 में शुरू किया गया था, जो वर्ष 2018 में पूर्ण हुआ। इसकी ऊंचाई 22.70 मीटर तथा लंबाई 1050 मीटर है। साथ ही 1128 हेक्टेयर सिंचाई क्षेत्र प्रस्तावित है।
उन्होंने बताया कि अगले मार्च-अप्रैल तक सलूज गेट का पुनर्निर्माण संभावित है। कलेक्टर राठौर ने निरीक्षण के दौरान बांध के संबंध में एसडीएम खड़गवां पी.व्ही.खेस्स को संबंधित विभाग के अधिकारी से रिपोर्ट लेकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि कलेक्टर राठौर ने जिले के सभी विकासखण्डों के एसडीएम को जिला अंतर्गत स्थित सभी जलाशयों की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश भी जारी किए हैं।




