आदिवासियों की सेहत का छुपा है राज इस दाल में, स्वाद में भी लाजवाब, भरपूर होता है फायदेमंद

एक ऐसी दाल के बारे में बताने वाले हैं जो सिर्फ स्वादिष्ट ही नहीं, बल्कि सेहत का खजाना भी है. इस दाल को खासकर झारखंड में अधिक खाया जाता है. इस खास दाल का नाम कुरथी है. कुरथी की खेती आमतौर पर झारखंड में काफी होती है और यहां की आदिवासी महिलाएं इसका सेवन अधिक करती हैं.
कुरथी दाल बेचने वाली सरिता देवी बताती हैं कि यह दाल जितनी सेहत के लिए फायदेमंद है, उससे अधिक खाने में स्वादिष्ट है. आप कोई भी दाल खाकर देख लीजिए स्वाद में इस दाल को टक्कर नहीं दे पाएगी. इस दाल को बनाने का तरीका भी अलग होता है. यह जब बन जाती है तो उसकी खुशबू दूर-दूर तक फैल जाती है. दूर से ही लोग समझ लेते हैं कि कुरथी दाल पककर तैयार है. यह दाल 80 रुपये किलो है.
ऐसे बनती हैं कुलथी दाल
सरिता देवी बताती हैं कि सबसे पहले इस दाल को अच्छे से धो लिया जाता है. फिर कुकर में डालकर नमक, जीरा, अदरक, लहसुन का पेस्ट और दो-तीन गोटा टमाटर डाल दिया जाता है. फिर एक चम्मच देसी घी डालकर कम से कम 4 से 5 सीटी लगाना होती है. जब दाल पक जाएगा तो आप देखेंगे कि टमाटर भी पूरी तरह गल गया है और उसका स्वाद भी गजब का आता है. इसे कहते हैं टमाटर वाली कुरथी दाल.
इस दाल के गजब फायदे
ये दाल सिर्फ खाने में ही स्वादिष्ट नहीं है, बल्कि इसके फायदे भी अनेक हैं. रांची के टैगोर हिल स्थित आरोग्य क्लिनिक के आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ. वीके पांडे ने बताया कि कुरथी दाल में कई पौष्टिक गुण पाए जाते हैं. यह सेहत के लिए बेहद फायदेमंद है. खासकर इसमें प्रोटीन उच्च मात्रा में होता है, जो शरीर में नई कोशिकाओं को बनाने का काम करता है. साथी इसमें फाइबर उच्च मात्रा में होता है, जो कब्ज जैसी चीज को जड़ से ठीक करने में सक्षम है.
डायबिटीज वालों के लिए रामबाण
आगे बताया कि इसके अलावा इस दाल में जिंक, फास्फोरस, पोटेशियम, मैग्नीशियम, विटामिन B16 जैसे जरूरी विटामिन होते हैं. साथ ही, यह आपकी बॉडी में मौजूद शुगर को कम करने का काम करती है. यही कारण है कि इस दाल को खासतौर पर डायबिटीज के मरीजों को खाने की सलाह दी जाती है. साथ ही, यह वजन घटाने में भी कारगर है, क्योंकि इसमें कैलोरी काफी कम मात्रा में पाई जाती है.



