महापौर एज़ाज़ ढ़ेबर के परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। मिली जानकारी के मुताबिक महापौर की माँ, भाई और भाभी में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। बता दें कि महापौर ढेबर का परिवार पिछ्ले दिनों बैंगलोर से लौटा था। महापौर ने खुद ट्वीट करके परिवार में कोरोना संक्रमण पाए जाने की पुष्टि की है।
उन्होंने लिखा है कि कुछ दिन पहले ही मेरे बड़े भाई बेंगलुरु से लौटे हैं और तब से सपरिवार होम क्वारेंटाइन में हैं, मैं खुद भी उनसे नहीं मिल पाया हूं। छत्तीसगढ़ आते ही उन्होंने सरकार के नियमों के तहत कोरोना की जांच कराई जिसमें मेरे भाई, भाभी और मां की रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है।
एक दूसरे ट्वीट में उन्होंने बताया कि उन सभी को इलाज हेतु रायपुर स्थित एम्स हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। मैं शहरवासियों से अनुरोध करता हूं कि कृपया सरकार द्वारा जारी सुरक्षा के नियमों का कड़ाई से पालन करें और सभी संक्रमितों के जल्द स्वास्थ्य लाभ के लिए ईश्वर से प्रार्थना करें।



