वीडियो – सोशल मीडिया सेंसेशन – शुभी जैन, डांस स्टेप्स से ऐसे जागरूक करती है लोगो कों
इन दिनों इंदौर ट्रैफिक पुलिस का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक लड़की सड़क पर अनोखे तरीके से लोगों को मैसेज देते नजर आ रही है। यातायात पुलिस की मदद करने वाली इस लड़की का नाम शुभी जैन है जो पुणे के सिम्बायोसिस कॉलेज की छात्रा है। वीडियो में शुभी जैन को न सिर्फ ट्रैफिक संभालते देखा जा रहा है, बल्कि वे यातायात नियमों का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक भी करती दिख रही हैं। देखिये वीडियो –
इंदौर की सडकों पर शुभी लोगों को हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने का आग्रह करती हैं. इस मजेदार वीडियो में शुभी जैन उन लोगों को थैंक्यू कहते हुए भी सुना जा रहा है जिन्होंने हेलमेट पहन रखा है और कार में सीट बेल्ट लगाई है। शुभी ये भी कहती हैं कि एक बाइक पर तीन लोग सवारी न करें।

इसका वीडियो जारी करते हुए इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्वीट किया है जिसमें लिखा है, ‘वॉलंटियर्स पूरे जज्बे के साथ आदर्श मार्ग पर जागरूकता फैलाने का काम कर रहे हैं इसके साथ ही इंदौर को एक नए और बेहतर बदलाव की तरफ ले जा रहे हैं. उम्मीद है हम सभी अपने प्रयासों से जल्दी ही इंदौर को ट्रैफिक में आदर्श शहर बनाएंगे।
आपको बता दें कि इंदौर पुलिस की यह कोई पहला नुस्खा नहीं है। 5 नवंबर को जारी एक ट्वीट में इंदौर ट्रैफिक पुलिस ने बताया है कि देश के अलग अलग कॉलेज के तकरीबन 87 बच्चे सड़कों पर लोगों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। ये बच्चे लोगों को बताते हैं कि हेलमेट पहनने और सीट बेल्ट लगाने के क्या फायदे हैं. इंदौर ट्रैफिक पुलिस की इस कवायद की चर्चा सोशल मीडिया पर काफी तेजी से हो रही है।

गौरतलब है कि इससे पहले इंदौर के ट्रैफिक पुलिस अफसर रणजीत सिंह भी अपने अनोखे अंदाज सोशल मीडिया में चर्चित रहें हैं। बता दें कि रणजीत सिंह ट्रैफ्रिक पुलिस के ऐसे जवान हैं जो अपने डांस स्टेप्स से ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए मशहूर हैं। सोशल मीडिया पर इनके भी कई चाहने वाले हैं जो इनके काम पर शाबाशी देते हैं।




