OLX पर स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को बेचने निकला विज्ञापन, प्रशासन हैरान, कोरोना महामारी से बचने 30 हजार करोड़ में बेचने चले थे सरदार पटेल का स्मारक
देश में कोरोना के खतरे से निपटने के लिए 21 दिनों का लॉकडाउन लागू है। गुजरात में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को बेचने से जुड़े एक ऑनलाइन विज्ञापन ने सनसनी मचा दी है। ऑनलाइन वेबसाइट olx पर किसी ने इसे बेचने का विज्ञापन प्रकाशित किया और बाकायदा 30 हजार करोड़ कीमत भी रखी।
यह है मामला
देश जहां कोरोना वायरस महामारी का सामना कर रहा है तो ऑनलाइन वेबसाइट ओएलएक्स पर दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को बेचने का विज्ञापन निकला है. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को बेचने का विज्ञापन निकलने से सरकारी महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार ओएलएक्स पर एक विज्ञापन पोस्ट किया गया, जिसमें स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की बिक्री की बात कही गई. इस विज्ञापन में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को 30 हजार करोड़ रुपये में बेचने के लिए रखा गया. साथ ही लिखा कि गुजरात सरकार को कोरोना वायरस के हालत से लड़ने के लिए अस्पताल और मेडिकल उपकरणों के लिए पैसों की जरूरत है.
इस मामले के सामने आने के बाद स्टैच्यू ऑफ यूनिटी प्रशासन भी हरकत में आ गया और इस मामले को लेकर केवड़िया कॉलोनी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई. प्रशासन ने अज्ञात शख्स और ओएलएक्स कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
पूरे मामले को लेकर डिप्टी कलेक्टर नीलेश दुबे ने मीडिया को बताया कि ओएलएक्स कंपनी में बातकर इस विज्ञापन को हटवा दिया गया है और इस बात की जांच की जा रही है कि इस तरह का विज्ञापन किसने वेबसाइट पर दिया था। गौरतलब है कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल का स्मारक है. इस प्रतिमा की ऊंचाई 182 मीटर है।




