देश विदेशमध्यप्रदेश

16 साल की किशोरी से बहलाकर तीन बार किया दुष्कर्म, जावेद ने दिया था शादी का झांसा

भोपाल में 16 साल की एक नाबालिग से ज्यादती किए जाने का मामला सामने आया है। अस्पताल में इलाज के दौरान पहचान होने के बाद आरोपी अपने साथ लड़की को घुमाने के बहाने होटल ले गया था। यहां उसने डरा धमकाकर लड़की से ज्यादती की। पहले तो वह शादी करने की बात करता रहा, लेकिन बाद में उसने उससे संपर्क तोड़ दिया। लड़की को आरोपी का सिर्फ नाम मालूम है।

हनुमानगंज पुलिस ने बताया कि जहांगीराबाद में रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग ने कक्षा आठवीं पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी है। उसने पुलिस को बताया कि इसी साल फरवरी में उसकी बड़ी बहन की तबीयत खराब हो गई थी। परिजनों ने बहन को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। वह भी वहां बहन की देखभाल के लिए रहती थी। यहीं पर जावेद खान नाम के युवक से पहचान हुई। उसके परिवार में से कोई भर्ती था।

दोनों में काफी दिनों तक अस्पताल में मुलाकात हुई। इसके बाद उसने फोन नंबर ले लिया। कुछ दिनों तक बातचीत के बाद ही जावेद ने उससे प्यार करने की बात कही। उसने 25 फरवरी को घूमने के बहाने बुलाया। यहां से वह हनुमानगंज इलाके में एक होटल में ले गया। होटल में पहुंचने के बाद वह उसे एक कमरे में ले गया। कमरे में पहुंचने पर उसने कुछ कहना चाहा, तो वह बोला यहां हमें देखने वाला कोई नहीं है। इसके बाद उसने जबरन शारीरिक संबंध बनाए।

किशोरी ने बताया कि मेरे रोने पर जावेद बोला डर मत। मैं तुझे बहुत प्यार करता हूं और जल्द ही शादी करेंगे। इसके बाद उसने दो बार और ज्यादती की। पिछले कुछ दिनों से जावेद ने दूरी बनाना शुरू कर दिया। उसने अपने मोबाइल की सिम भी बंद कर दी। कई दिनों तक कोशिश के बाद भी जब उससे संपर्क नहीं हो पाया, तो पूरी बात अपने भाई को बता दी। भाई के साथ ही थाने आकर रिपोर्ट की। आरोपी के बजरिया में रहने का पता चला है। हालांकि अभी उसकी गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है।

Related Articles

Back to top button