अमेरिका में कोरोना वायरस के चलते लगाए गए लॉकडाउन पर बढ़ता जा रहा है विरोध
वाशिंगटन: अमेरिका में कोरोना वायरस के चलते लगाए गए लॉकडाउन का विरोध बढ़ता ही जा रहा है. अमेरिका के कई शहरों में लॉकडाउन के विरोध में लोगों ने प्रदर्शन (protest) किया है. कई लोग लॉकडाउन पर साजिश की थ्योरी भी दे रहे हैं.
डेली मेल की एक रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना, मिसौरी, अलबामा और फ्लोरिडा में हजारों लोग लॉकडाउन के विरोध में सड़कों पर उतरे. ये लोग मांग कर रहे थे कि गवर्नर लॉकडाउन को खत्म करें और राज्यों में बिजनेस की शुरुआत की जाए.
मंगलवार को दर्जनों अमेरिकी शहरों में सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं. अमेरिका में लाखों लोग लॉकडाउन की वजह से काम पर नहीं जा रहे हैं. हेल्थ एक्सपर्ट बाहर निकलने को स्वास्थ्य के लिए खतरा बता रहे हैं लेकिन अमेरिका में हजारों लोग नियमों की अवहेलना कर रहे हैं.
नॉर्थ कैरोलिना में मंगलवार पूरे दिन प्रदर्शन
नॉर्थ कैरोलिना में मंगलवार को पूरे दिन लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया. ये लोग नॉर्थ कैरोलिना को खोलने की मांग कर रहे थे. जबकि उसी रोज कोरोना के चलते नॉर्थ कैरोलिना में 34 लोगों की जान गई. यहां महामारी के फैलने के बाद मौत का ये सबसे बड़ा आंकड़ा है.
नॉर्थ कैरोलिना में कल विरोध प्रदर्शन का दूसरा हफ्ता था. करीब 1 हजार की भीड़ इकट्ठा हुई. इसमें कुछ राजनीतिक शख्सियतें भी शामिल थीं. लोगों ने न सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया और न ही उन्होंने मास्क लगा रखे थे. जबकि हेल्थ एक्सपर्ट बता चुके हैं कि सार्वजनिक जगहों पर कम से कम छह फीट की दूरी बनाकर चलें.
पिछले महीने राज्य की पुलिस ने विरोध प्रदर्शन करने वाली एक महिला को गिरफ्तार किया था. जिसके बाद नॉर्थ कैरोलिना के गवर्नर रॉय कूपर का कहना था कि लोगों को विरोध प्रदर्शन का अधिकार है. लेकिन विरोध प्रदर्शन करते वक्त लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन करें. इसके बारे में कानूनन प्रावधान हो चुका है.
अमेरिका के टॉप के संक्रामक रोग विशेषज्ञ का भी हो रहा विरोध
कोरोना वायरस को लेकर कुछ लोगों ने अमेरिका के टॉप के संक्रामक रोग विशेषज्ञ डॉक्टर एंथनी फौसी की भी आलोचना की है. लोगों ने डॉक्टर फौसी को भ्रष्ट बताया है. एक तख्ती में उन्होंने लिख रखा था- नो फौसी, नो गेट्स, नो फियर.
कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर लोग साजिश की थ्योरी भी दे रहे हैं. एक साइनबोर्ड पर लिखा था- कोविड और 5G की जांच करो. साजिश की कुछ थ्योरी में कहा जा रहा है कि अमेरिका में 5जी मोबाइल टावर की वजह से कोरोना का संक्रमण फैला है.
अमेरिका में कोरोना वायरस की वजह से मंगलवार शाम तक 44 हजार से ज्यादा मौतें हुई हैं. ये पूरी दुनिया में सबसे अधिक हैं. यहां संक्रमण के 8 लाख से भी ज्यादा मामले सामने आए हैं.




