गणतंत्र दिवस के मौके पर 26 जनवरी को राजपथ पर होने वाली परेड को लेकर आज 23 जनवरी को फुल ड्रेस रिहर्सल की जा रही है। बता दें कि आज दिल्ली की कई सड़कों को गणतंत्र दिवस परेड की पूरी ड्रेस रिहर्सल के लिए थोड़ी देर के लिए बंद कर दिया जायेंगी।
इसके साथ ही मेट्रो के कुछ स्टेशनों को भी बंद कर दिया गया है। गौरतलब है कि फुल ड्रेस रिहर्सल सुबह 9.50 बजे विजय चौक से शुरू होगी और राजपथ, सी-हेक्सागन, तिलक मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग और नेताजी सुभाष मार्ग से होते हुए लाल किले तक जाएगी। जो 26 जनवरी को होने वाली रूट मैप के अनुसार ही है।
पुलिस ने कहा है कि राजपथ पर विजय चौक से इंडिया गेट तक ट्रैफिक रोक दिया गया है। विजय चौक से इंडिया गेट तक राजपथ पर यातायात बुधवार को शाम 6 बजे से और गुरुवार को परेड खत्म होने तक और शनिवार को शाम 6 बजे तक प्रतिबंधित रहेगा।
अधिकारियों ने बताया है कि दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को फुल ड्रेस रिहर्सल के लिए 23 जनवरी और गणतंत्र दिवस समारोह के लिए यातायात सलाह जारी की। रिहर्सल गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड के समान ही होगी। यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं उपलब्ध होंगी लेकिन गुरुवार को शाम 5 बजे से 12 बजे तक केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन में प्रवेश और निकास बंद रहेगा।
इसी प्रकार से रविवार को केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन में सुबह 5 बजे से दोपहर 12 बजे तक और लोक कल्याण मार्ग और पटेल चौक पर सुबह 8.45 से रात 12 बजे तक एंट्री एग्जिट बंद रहेगी।




