सिलेंडर की पाइप फटने से मंडप में लगी आग, लाखों का सामान जलकर खाक, दुल्हन के परिजनों का बुरा हाल

हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में बीती गुरुवार की रात रसोई गैस सिलेंडर का पाइप फटने से शादी के पंडाल में आग लग गई। इसमें चारपाई, कुर्सी, बिछौना, सहित दुल्हन की विदाई का सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
बैजलपुर गांव के ओमप्रकाश गौंड की लड़की की गुरुवार को शादी थी। रात दस बजे भोजन बनाते समय सिलेंडर का पाइप फट गया। गैस का रिसाव होने की वजह से आग लग गई और पूरे पंडाल में फैल गयी। स्वजन व गांव के लोगों ने एक घण्टे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन इस दौरान पंडाल में रखा सारा सामान जल गया। विदाई का सामान जल जाने से दुल्हन के परिवार वालो का रो-रो कर बुरा हाल रहा।
हरपुर बुदहट पुलिस ने परिवार को धैर्य रखने की सलाह देते हुए किसी तरह से शादी सम्पन्न कराई। गांव के ही सैनिक ढाबा के मालिक रामकेश यादव और ग्राम प्रधान राजकुमार ने बारातियों को आपने पास से भोजन कराकर विवाह सम्पन्न कराया। वहीं शुक्रवार सुबह लेखपाल और कानूनगो ने पहुंचकर आग से जलने से हुए नुकसान का जायजा लिया। लगभग तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।




