डबल मर्डर केस खुलासा, बेटे ने ही की मां और बहन की हत्या, सास- बहू और ननद के झगड़े से था परेशान

पाली। पाली के सदर थाना इलाके में हुए मां-बेटी डबल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. दोनों की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि महिला के बेटे ने ही की थी. पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतका के बेटे सुरेश को हिरासत में ले लिया है.
उससे पूछताछ की जा रही है. उसने मां और बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया है. हत्या की वजह मां और बहन का उसकी पत्नी से आए दिन होने वाला झगड़ा था. इस झगड़े के कारण आरोपी पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी. इसका बदला लेने के लिए उसने मां और बहन दोनों को मौत के घाट उतार दिया.
पाली सदर थानाप्रभारी अनिल बिश्नोई के अनुसार आरोपी ने बताया की उसकी मां और बहन के साथ आये दिन विवाद के चलते उसकी दूसरी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी. इस पर उसने अपनी मां और बहन को मारने का प्लान बनाया. आरोपी को इस बात का अहसास था कि वह अकेला मां और बहन को नहीं मार सकता. इसलिए उसने रात को दोनों को सोते हुए मारने का प्लान बनाया. होली से पूर्व 23 मार्च की रात में दोनों को सोते हुए देखकर उसने उनके सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया.
गहरी नींद में सो रही दोनों मां और बेटी को बचाव का मौका ही नहीं मिला. आरोपी ने एक के बाद एक हमला कर दोनों को मौत की नींद सुला दिया. उसके बाद आरोपी ने दोनों के शव ठिकाने लगाने के लिए अलग प्लान बनाया ताकि किसी को शक नहीं हो. वह घर से निकलकर गड्डे खोदने के लिए जेसीबी लेकर खेत में पहुंचा. उसने जेसीबी वाले से खेत के तीन कोनों में अलग अलग गड्डे खुदवाये.
इसके लिए उसने जेसीबी वाले को बताया की वह एक कोने में पशुओं के पानी के लिए खेली बनवायेगा. दूसरे कोने में बिजली का पोल लगाएगा और तीसरे कोने कचरा डालने के डंपिग पॉइंट बनवाएगा. वह तीनों गड्डे खुदवाने के बाद जेसीबी वाले के साथ ही चला गया ताकि उसे किसी तरह का शक नहीं हो. उसके बाद वापस घर आकर एक गड्डे में मां और बहन के शव को उसको दफना दिया. बाद में घर निकल गया.
यह मामला तब सामने आया जब होली के बाद जब सुरेश के बड़े भाई की मां और बहन से बात नहीं हुई. इस पर बड़ा बेटा 27 मार्च को अहमदाबाद से पाली आया. यहां उसे मां और बहन घर में नहीं मिली. छोटा भाई सुरेश भी लापता था. उसके बाद वह उसी रात सदर थाना पहुंचा और मां और बहन की गुमशुदगी दर्ज करवाई. इस पर पुलिस ने उन दोनों की कॉल डिटेल निकलवाई.
दोनों की अंतिम लोकेशन खेत पर आई. उसके बाद पुलिस जब उनके घर पहुंची तो वहां खून बिखरा पड़ा था. इस पर पुलिस का शक सुरेश पर गहरा गया. पुलिस ने खेत का मुआयना किया. पुलिस ने शक के आधार पर ताजा भरे गड्डों को जेसीबी से फिर खुदवाया. इसी दौरान पुलिस को गड्डे में दोनों के शव मिल गए. उसके बाद बड़े भाई ने भी छोटे भाई सुरेश पर हत्या का संदेह भी जता दिया.
घटना के बाद से ही सुरेश का फोन बंद होने के कारण वह पूरी तरह से शक के दायरे में आ गया. बाद में पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की. आखिरकार उसके अहमदाबद में होने का पता चलता. इस पर पुलिस ने सोमवार को उसे अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस उसे पाली ले आई है. उससे और पूछताछ की जा रही है.




