Coronavirus: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंचायती राज दिवस के अवसर पर सरपंचों को संबोधित कर बोले- महामारी ने मुसीबत खड़ी की लेकिन शिक्षा भी दी
पंचायती राज दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरपंचों को संबोधित कर रहे हैं. इस दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये सम्मान और अवॉर्ड पाने वाले सरपंचों को बधाई दी. उन्होंने कहा कोरोना महामारी ने हम सभी के काम करने के तरीके को बहुत बदल दिया है. इस महामारी ने हमारे लिए अलग-अलग तरह की मुसीबत तो खड़ी की ही, साथ ही शिक्षा भी दी है.
पीएम मोदी ने सरपंचों से कहा कि इस संकट ने हमें सिखाया कि हमें आत्मनिर्भर बनना होगा.जिला अपने स्तर पर, राज्य अपने स्तर पर आत्मनिर्भर बनें. पीएम मोदी ने कहा ”कोरोना वायरस एक विचित्र वायरस है, वह खुद किसी के घर नहीं जाता है. अगर आप इसे घर में लाये तो फिर किसी को नहीं छोड़ता है.
उन्होंने कहा गांवों में संपत्ति को लेकर जो स्थिति रहती है वो आप जानते हैं. ‘स्वामित्व योजना’ इसी को ठीक करने का प्रयास है. इसके तहत देश के सभी गांवों में ड्रोन के माध्यम से गांव की हर संपत्ति की मैपिंग की जाएगी. इसके बाद गांव के लोगों को उस संपत्ति का मालिकाना प्रमाणपत्र दिया जाएगा.
पीएम ने कहा ”जीवन की सच्ची शिक्षा की कसौटी संकट के समय ही होती है. इस कोरोना संकट ने दिखा दिया कि देश के गांव में रहने वाले लोग, भले ही उन्होंने बड़ी-बड़ी और नामी यूनिवर्सिटी में शिक्षा ना ली हो लेकिन इस दौरान उन्होंने अपने संस्कारों, परंपराओं की शिक्षा के अद्भूत दर्शन कराए हैं.
पीएम मोदी ने कहा ”एक दौर वो भी था जब देश की सौ से भी कम पंचायतें ब्रॉडबैंड से जुड़ी थीं. अब सवा लाख से ज्यादा पंचायतों तक ब्रॉडबैंड पहुंच चुका है. इतना ही नहीं, गांवों में कॉमन सर्विस सेंटरों की संख्या भी तीन लाख को पार कर चुकी है. पूरे देश में सर्पांचों के साथ बातचीत के दौरान उन्होंने कहा भारत के गांवों ने कोरोना वायरस महामारी से लड़ने के लिए सरल अर्थों में सोशल डिस्टेंसिंग को परिभाषित करने के लिए ‘दो गज दूरी’ का मंत्र दिया है.




