प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को सबसे अधिक सेवा देने वाले देश के चौथे प्रधानमंत्री बन गए हैं. इसी के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबसे लंबी अवधि तक सेवा देने वाले देश के गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी बन गए हैं. बता दें कि प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबी सेवा देने वालों की सूची में पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और डॉ. मनमोहन सिंह शामिल हैं। ये तीनों कांग्रेस पार्टी से ताल्लुक रखते थे।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने ट्वीट किया, ‘आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के इतिहास में सबसे अधिक सेवा देने वाले देश के चौथे प्रधानमंत्री बन गए हैं। वे अब सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले देश के गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री भी बन गए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने अपने सभी कार्यकालों के दौरान कुल 2268 दिन सेवाएं दी। आज प्रधानमंत्री मोदी उनसे आगे निकल गए।’
पीएम मोदी 15 अगस्त को लाल किले पर भी बनाएंगे रिकॉर्ड
इस साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर यानी 15 अगस्त को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा लहराएंगे तब भी एक नया रिकॉर्ड बनेगा। इस बार स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री के तौर पर वह सातवीं बार लाल किले से ध्वजारोहण करेंगे। इसके साथ ही वह आजादी के मौके पर सबसे ज्यादा बार ध्वजारोहण करने वाले प्रधानमंत्रियों की सूची में वह चौथे स्थान पर आ जाएंगे।
बता दें कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लाल किले पर सबसे ज्यादा बार राष्ट्रध्वज तिरंगा फहराने का रिकॉर्ड पंडित नेहरू के नाम पर है। उन्होंने प्रधानमंत्री रहते हुए लाल किले से 17 बार तिरंगा फहराया था। उनके बाद इंदिरा गांधी का नाम आता है, जिन्होंने 11 बार ध्वजारोहण किया था। वहीं, डॉ. मनमोहन सिंह ने प्रधानमंत्री रहते हुए लाल किले से लगातार 10 बार तिरंगा फहराया है।




