ब्राजील से आयात किए गए फ्रोजन चिकन में चीन में कोरोना वायरस पाया गया है। ऐसा मामला दो शहरों में सामने आया है। चीनी अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि देश के दक्षिणी शेंजेन और पश्चिमोत्तर शियान शहरों में फ्रोजन फूड की जांच के दौरान सैंपलों में कोरोना पाया गया। यह खतरनाक वायरस चिकन विंग्स के नमूनों में पाया गया। लोगों को इसके प्रति आगाह कर दिया गया है। एक दिन पहले अनहुई प्रांत में इक्वाडोर से आयातित मछली में भी संक्रमण पाया गया था।
आपको बता दें कि पूरी दुनिया में अमेरिका के बाद कोरोना वायरस से सबसे ज्यादा ब्राजील में इस महामारी का कम होता नहीं दिख रहा है। यहां संक्रमित लोगों का आंकड़ा लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। इस लैटिन अमेरिकी देश में फिर 55 हजार से ज्यादा नए मामले पाए गए। इससे कोरोना पीडि़तों का कुल आंकड़ा 31 लाख 70 हजार से ज्यादा हो गया है। इनमें से एक लाख चार हजार से ज्यादा मरीजों की मौत हुई है। महामारी से सबसे ज्यादा जूझ रहे अमेरिका में अब तक 53 लाख 60 हजार से अधिक संक्रमित पाए जा चुके हैं। करीब एक लाख 70 हजार की जान गई है।
यहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि देशभर में बीते 24 घंटे के दौरान 55 हजार 155 नए पॉजिटिव केस पाए गए। इस दौरान 1,175 पीडि़तों ने दम तोड़ दिया। एक दिन पहले भी करीब 55 हजार नए मामले मिले थे। जबकि 1,274 की जान गई थी। दुनिया में अमेरिका के बाद ब्राजील में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बीते 11 मार्च को कोरोना को वैश्विक महामारी घोषित किया था। इस घातक वायरस की चपेट में दुनियाभर में अब तक दो करोड़ आठ लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं वहीं मरने वालों का वैश्विक आंकड़ा सात लाख 48 हजार से अधिक हो गया है।



