“एक हजारों में मेरी बहना है” की बीजी का हुआ निधन, एक्ट्रेस निया शर्मा ने जताया शोक

मुंबई। स्टार प्लस के फेमस शो एक “एक हजारों में मेरी बहना है” की बीजी उर्फ टीवी अभिनेत्री तरला जोशी का निधन हो गया है. रविवार की सुबह तरला जोशी को हार्ट अटैक आया था, जिसके चलते उनका निधन हुआ. तरला जोशी, निया शर्मा के साथ ‘एक हजारों में मेरी बहना है’ सीरियल में नजर आई थीं. निया शर्मा समेत टीवी इंडस्ट्री की कई हस्तियों ने तरला जोशी के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति अपने संवेदना जताईं.
निया शर्मा द्वारा तरला जोशी के निधन की जानकारी दी गई. निया ने अपने सोशल मीडिया पर तरला जोशी के निधन की सूचना देते हुए उन्हें याद किया और उनके साथ बिताए गए पलों को साझा किया. एक फोटो में निया शर्मा ने लिखा- “आपकी आत्मा को शांति मिले बड़ी बीजी. आपको बहुत याद किया जाएगा.” आपको बता दें कि एक हजारों में मेरी बहना है सीरियल में तरला जोशी ने बड़ी बीजी का किरदार निभाया था.
एक अन्य फोटो में निया ने लिखा कि तरला जी आप हमेशा हमारी बड़ी बीजी रहेंगी. निया के अलावा कुशाल टंडन, करन टैकर और क्रिस्टल डिसूजा जैसे टीवी कलाकारों ने भी तरला जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए अपने सोशल मीडिया पर उनकी फोटो शेयर की, जिसपर उन्होंने लिखा- आपकी आत्मा को शांति मिले दादी.
आपको बता दें कि एक हजारों में मेरी बहना है साल 2011 में स्टार प्लस चैनल पर लॉन्च किया गया था. यह शो दो साल तक सफलतापूर्वक चला. तरला जोशी ने इस सीरियल में जीविका और मानवी (क्रिस्टल और निया) की दादी की भूमिका निभाई थी. निया शर्मा के अलावा इस सीरियल में क्रिस्टल डिसूजा भी अहम भूमिका में थीं. क्रिस्टल और निया ने दो सगी बहनों का किरदार किया था.इस सीरियल के अलावा, तरला जोशी ‘साराभाई vs साराभाई’ और ‘बंदिनी’ जैसे शो में अपने प्रदर्शन के लिए भी जानी जाती थीं. अभिनय की दुनिया में कदम रखने से पहले तरला जोशी ने कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में अपना करियर शुरू किया था. तरला जोशी की गांधी माई फादर, मजियारा हैया और हम जो कह ना पाए जैसी फिल्मों में उनके शानदार अभिनय के लिए भी काफी तारीफ की जाती है.




