गुना में पुलिसिया बर्बरता पर यह बोले राहुल गांधी, किसान दंपत्ति की बुरी तरह की थी पिटाई
मध्यप्रदेश के गुना में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने के लिए गई पुलिस ने किसान दंपति की लाठियों से पिटाई कर दी। इसके बाद दंपति ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की है। इस घटना को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने BJP सरकार पर निशाना साधा है और उन्होंने घटना का वायरल वीडियो ट्वीट कर कहा कि हमारी लड़ाई इसी सोच और अन्याय के ख़िलाफ़ है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के गुना में दलित किसान दंपति के साथ प्रशासन के अधिकारियों ने जिस तरह से मारपीट की, इस मामले पर विवाद बढ़ता जा रहा है| जो तस्वीर सामने आई है वो दिल दुखाने वाली है क्योंकि एक तरफ पुलिस पति-पत्नी को पीट रही है तो दूसरी ओर उनके बच्चे रो रहे हैं और अपने मां-बाप को बचाने की कोशिश में हैं| घटना का वीडियो सामने आने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुना के कलेक्टर और एसपी को तुरंत हटाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा उन्होंने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
इस घटना को लेकर मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी शिवराज सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा, ‘ये शिवराज सरकार प्रदेश को कहां ले जा रही है? ये कैसा जंगल राज है? गुना में कैंट थाना क्षेत्र में एक दलित किसान दंपत्ति पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों द्वारा इस तरह बर्बरता पूर्ण लाठीचार्ज।’
मामले के सामने आने के बाद सरकार तुरंत हरकत में आई और ग्वालियर रेंज के आईजी, गुना के एसपी और डीएम को हटा दिया गया है। इसके साथ ही उच्चस्तरीय जांच बैठाने का निर्देश दिया गया है। राजेश सिंह को गुना का नया एसपी बनाया गया है. वहीं मुख्यालय में पदस्थ अविनाश शर्मा को नया आईजी बनाया गया है।



