बिजनेस

NMDC में कोक ओवन में कोक तैयार करने कोयला की चार्जिंग शुरू, हुई बड़ी शुरुवात


बस्तर के लौह अयस्क से बस्तर में ही स्टील उत्पादन का छह दशक पुराना बस्तरवासियों का सपना जल्दी पूरा होने वाला है। जगदलपुर से 17 किलोमीटर दूर नगरनार में 23 हजार 140 करोड़ रुपये की लागत तीन मिलियन टन सालाना उत्पादन क्षमता के सार्वजनिक क्षेत्र के स्टील प्लांट की स्थापना राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (एनएमडीसी) ने की है।

स्टील प्लांट से उत्पादन शुरू करने की दिशा में चल रही प्रक्रिया का एक बड़ा पड़ाव गुरुवार को पार कर लिया गया। स्टील उत्पादन क्षेत्र से जुड़े देश-विदेश के विशेषज्ञों की देखरेख में कोक ओवन और बाइप्रोडक्ट प्लांट का परिचालन (कमीशनिंग) शुरू किया गया। कमीशनिंग के अंतर्गत कोक ओवन में कोक तैयार करने कोल (कोयला) की चार्जिंग शुरू हो गई है। 36 से 48 घंटे के भीतर शनिवार को कोक की पुशिंग की जाएगी। नईदुनिया ने 27 अक्टूबर 2022 को ‘धधकने लगा कोक ओवन शीघ्र शुरू होगी कोल की चार्जिंग’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित कर कोक ओवन की कमीशनिंग की तैयारी की जानकारी दी थी।

गुरुवार सुबह सवा छह बजे शुभ मुहूर्त में कोक ओवन में कोल डालने का काम शुरू किया गया और इसके कुछ घंटे के भीतर ही बाइप्रोडक्ट प्लांट की कमीशनिंग भी कर दी गई। इस मौके पर एनएमडीसी के निदेशक तकनीकी सोमनाथ नंदी, अधिशासी निदेशक स्टील प्लांट प्रवीण कुमार, मुख्य महाप्रबंधक जी. प्रियदर्शनी, महाप्रबंधक स्टील बीआरके शेट्टी व राजन कुमार, एके मिश्रा आदि कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में ब्लास्ट फर्नेस, स्टील मेल्टिंग शाप आदि संयंत्रों की कमीशनिंग करके दिसंबर अथवा जनवरी में स्टील उत्पादन शुरू करने की योजना है।

एक बार में 1675 टन कोक तैयार करने की क्षमताः कोक ओवन संयंत्र में दो बैटरीज है। प्रत्येक में 67-67 ओवन हैं। हर ओवन की ऊंचाई सात मीटर है। एक ओवन में एक बार में 32 टन कोयला डालकर 25 टन कोक तैयार करने की क्षमता है। कोक ओवन संयंत्र की डिजाइन व तकनीकी यूक्रेन की कंपनी सीजी काप और बाइप्रोडक्ट प्लांट की तकनीकी और डिजाइन चेक रिपब्लिक की कंपनी हुटनी ने तैयार की है।

दोनों संयंत्रों की कमीशनिंग की प्रक्रिया संबंधित कंपनियों के विशेषज्ञों के साथ ही निर्माण एजेंसी भिलाई इंजीनियरिंग कार्पोरेशन, एनएमडीसी और स्टील प्लांट की स्थापना में तकनीकी सलाहकार व परिचालन व रखरखाव के लिए अनुबंधित कंपनी मेकान के अधिकारी मौजूद थे।

अभी एक कोक ओवन बैटरीज की हिटिंग की गई है। 17 जनवरी 2022 को हिटिंग की प्रक्रिया शुरू की गई थी। एक कोक ओवन बैटरीज में एक बार में 2144 टन कोल की चार्जिंग करके करीब 1675 टन कोक तैयार करने की क्षमता है। अभी एक बैटरीज के 67 में से 26 ओवन में कोल की चार्जिंग शुरू की गई है।





Related Articles

Back to top button