बिजनेस

Akshaya Tritiya 2020: अक्षय तृतीया खास मोके पर कोरोना वायरस ने ज्वैलरी मार्केट को किया धराशाही

Akshaya Tritiya 2020: कोरोना वायरस महामारी के बाद लॉकडाउन के कारण देशभर में बाजार बंद हैं. इस लॉकडाउन ने गोल्ड ज्वैलरी मार्केट को बुरी तरह प्रभावित किया है. रेटिंग एजेंसी ICRA के अनुसार कोरोना वायरस (COVID-19) के कारण अक्षय तृतीया के मौके पर आभूषण बिक्री पर बड़ा असर पड़ेगा. पिछले दो वर्षों मे आर्थिक विकास की धीमी गति, सोने की कीमतों में तेजी से वृद्धि और ग्रामीण उत्पादन में कमी के कारण उद्योग प्रभावित हुआ है. आईसीआरए नोट के अनुसार लॉकडाउन के परिणामस्वरूप पूरे देश में खुदरा स्टोर बंद हो गए हैं.

आभूषण की खरीदारी के लिए अक्षय तृतीया खास मौका माना जाता है. इस दौरान लोग शादी जैसे समारोहों के लिए शुभ अवसर मानकर सोना खरीदते हैं. लेकिन इस साल कई शादियों को कोरोना वायरस महामारी के कारण रोकना पड़ा है. अक्षय तृतीया इस बार 26 अप्रैल को आ रही है. इंडस्ट्री के अनुमान के मुताबिक पिछले साल अक्षय तृतीया के मौके पर ज्वैलर्स ने 33 टन सोना बेचा था.

कई ज्वैलर्स ऑनलाइन आभूषण बेचने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन खास प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है. सोने की कीमतों में तेज वृद्धि ने भी निवेशकों को इस अक्षय तृतीया पर परेशान किया है. सोने की कीमत सोमवार को 45,550 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, जबकि पिछले साल 7 मई 2019 को इसी शुभ दिन पर यह 31,500 रुपये प्रति 10 ग्राम थी.

कई ज्वैलर्स बैंकों से लोन लेकर सोना खरीदते लेते हैं और उसे बेचकर लौटाते हैं. इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन ने सरकार से कई रियायतें मांगी हैं. उनका कहना है कि बैंकों को उन्हें लोन पर रियायत देनी चाहिए. टाटा ग्रुप की तनिष्क ऑनलाइन ज्वैलरी पर ऑफर पेश कर रही है. 18 अप्रैल से शुरू हुआ यह ऑफर 27 अप्रैल तक चलेगा. कंपनी इस ऑफर के तहत मेकिंग चार्जेज पर 25 फीसदी छूट दे रही है.

Related Articles

Back to top button