Breaking Newsinh24देश विदेश

लव सेक्स और धोखा, चौंक गए सब मॉडल दिव्या पाहुजा के मर्डर की कहानी सुन, सनसनीखेज कत्ल

नए साल के दूसरे ही दिन यानी 2 जनवरी को गुरुग्राम के एक होटल से कुछ तस्वीरें सामने आईं थीं, जो मीडिया और सोशल मीडिया में कई दिनों तक सुर्खियों में रहीं।

होटल में होटल के मालिक ने ही एक मॉडल की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इसके बाद वो उसकी लाश को घसीटते हुए कार की डिग्गी तक ले गया था. अब वारदात के तीन महीने बाद उस मॉडल के कत्ल की जो वजह सामने आई है, वो बेहद चौंकाने वाली है. आइए आपको बताते हैं मॉडल दिव्या पाहूजा के सनसनीखेज कत्ल की पूरी कहानी.

क़त्ल के बाद किसी लाश को ठिकाने लगाने का सीसीटीवी फुटेज आम तौर पर नहीं दिखता. लेकिन गुरुग्राम की रहने वाली 27 साल की मॉडल दिव्या पाहुजा के क़त्ल के मामले में जब पुलिस ने जांच शुरू की, तो मौका-ए-वारदात से जो सीसीटीवी फुटेज मिला, उसमें कुछ ऐसी ही तस्वीरें कैद थीं. और ये तस्वीरें सिहरन पैदा करने वाली थीं. दिव्या के क़त्ल के बाद कुछ लोग उसकी लाश को कुछ इसी तरह से घसीट कर मौका-ए-वारदात से दूर ले जा रहे थे.

चार्जशीट में दर्ज है मर्डर का पूरा सिक्वेंस
अब क़त्ल की इस वारदात के पूरे 88 रोज़ बाद गुरुग्राम पुलिस ने इस सिलसिले में कोर्ट में अपनी चार्जशीट दाखिल कर दी है. इस चार्जशीट में आरोपी के कबूलनामे के हवाले से पुलिस ने ना सिर्फ क़त्ल के पूरे सिक्वेंस का ज़िक्र किया है, बल्कि चार्जशीट में दिव्या को मारे जाने का ऐसा मकसद दर्ज है. जो किसी भी हैरान कर सकता है.

दिव्या ने उठाया अभिजीत की कमजोरी का फायदा
साल के दूसरे ही दिन यानी 2 जनवरी 2024 को हुई क़त्ल की इस वारदात ने तब सिर्फ गुरुग्राम नहीं बल्कि पूरे दिल्ली एनसीआर को झकझोर कर रख दिया था. वैसे तो दिव्या के क़त्ल की बुनियाद उसी रोज़ पड़ गई थी, जिस रोज़ उसकी गुरुग्राम के होटेलियर अभिजीत सिंह से मुलाकात हुई. क्योंकि ये मुलाका़त कोई मामूली मुलाकात नहीं, बल्कि एक शादीशुदा शख्स के साथ एक लड़की के ऐसे रिश्तों की शुरुआत थी, जिसे अभिजीत हमेशा ही छुपा कर रखना चाहता था. लेकिन दिव्या ने अभिजीत की इस कमजोरी का फायदा उठाने की प्लानिंग रची, जो आखिरकार दिव्या के क़त्ल के साथ खत्म हुई.

चार्जशीट में चौंकानेवाला खुलासा
523 पन्नों की इस चार्जशीट में गुरुग्राम पुलिस ने दिव्या के क़त्ल को लेकर जो बातें लिखी हैं, उसका एक-एक हर्फ चौंकाने वाला है. पुलिस की मानें तो अभिजीत ने दिव्या का क़त्ल उसकी ब्लैकमेलिंग से उकता कर कर डाला. लेकिन दिव्या की ब्लैकमेलिंग ही क़त्ल की सिर्फ एक इकलौती वजह नहीं थी, बल्कि दिव्या का समलैंगिक होना भी अभिजीत के गुस्से की एक वजह बना. अब दिव्या और अभिजीत के मुलाकात से शुरू हुई लव, लस्ट और धोखे की इस दास्तान के अनजाने पहलुओं का जिक्र करेंगे.

लेकिन सबसे पहले चार्जशीट में लिखी बातों के हवाले से आपको बताते हैं कि वारदात वाले दिन आखिर दिव्या और अभिजीत के बीच ऐसा क्या हुआ कि अभिजीत ने दिव्या को गोली मार दी? आखिर वो कौन सी बात थी कि एक ही कमरे में कई घंटे साथ गुज़ारने के बाद अभिजीत ने गन का ट्रिगर दबा दिया और निशाने पर दिव्या का सिर आ गया? आखिर वारदात वाले दिन दिव्या ने अभिजीत से ऐसा क्या कह दिया कि उसका खुद के गुस्से पर काबू नहीं रहा और उसके हाथों गोली चल गई?

क्योंकि अभिजीत पहले ही इस बात का खुलासा किया था कि उसने दिव्या को मारने की प्लानिंग कोई बहुत पहले से नहीं की थी, बल्कि वारदात वाले दिन कुछ ऐसा हुआ कि उसने दिव्या की जान ले ली. यही वजह है कि दिव्या का क़त्ल के बाद अभिजीत ने उसकी लाश ठिकाने लगाने की साजिश आनन-फानन में रची और इसी लाश निपटाने के चक्कर में अभिजीत के 6 और साथी भी नप गए. पुलिस ने अपनी जांच में अभिजीत समेत कुल सात लोगों को दिव्या के क़त्ल का आरोपी बनाया है और इनमें अभिजीत और उसके दोस्तों के साथ-साथ उसे गन सप्लाई करने वाले का नाम भी शामिल है.

वारदात वाले दिन की पूरी कहानी सुनाते हैं… दिव्या को गुरुग्राम के होटल सिटी प्वाइंट में उसके दोस्त अभिजीत सिंह ने 2 जनवरी की शाम करीब 6 बजे बिल्कुल करीब से सिर में गोली मार दी थी. गुरुग्राम के इस होटल का मालिक खुद अभिजीत सिंह ही था. लेकिन ये वारदात बेशक 2 जनवरी को हुई, इसके सिलसिले की शुरुआत साल के पहले दिन यानी एक जनवरी को तभी हो गई थी, जब दिव्या अभिजीत से मिलने के लिए अपने घर से निकली थी. दिव्या ने अभिजीत से मिलने जाने की बात अपने घरवालों को भी बताई थी, लेकिन तब किसी को नहीं पता था कि ये दिव्या की उनसे आमने-सामने की आखिरी मुलाकात है और इसके बाद वो कभी घर नहीं लौटेगी.

अभिजीत को ब्लैकमेल करती थी दिव्या

असल में दिव्या के साथ अभिजीत नाजायाज रिश्तों की बदौलत दिव्या के पास अभिजीत की कुछ ऐसी प्राइवेट तस्वीरें थी, जिनके आम हो जाने पर अभिजीत की भारी बेइज्जती होती. और दिव्या को इस बात की खबर थी. जिसके चलते वो अभिजीत से समय-समय पर रुपये लिया करती थी. अभिजीत ने पुलिस को बताया है कि उसने दिव्या को पहले ही साढ़े तीन लाख रुपये से ज्यादा दे रखा था. जिनमें करीब 1 लाख 40 हजार रुपये का एक आईफोन भी शामिल था. लेकिन रुपये-पैसों की दिव्या की मांग कम होने की जगह लगातार बढ़ती जा रही थी. और अब हाल के कुछ दिनों में दिव्या उससे 30 लाख रुपये की भारी भरकम रकम मांग रही थी.

तनाव में था अभिजीत
दिव्या ने अभिजीत को धमकी दी थी कि अगर उसने उसे 30 लाख रुपये नहीं दिए, तो फिर वो अपने और उसके रिश्ते की एक-एक बाद अभिजीत के परिवार वालों और उसके दोस्तों को बता देगी. जिसके बाद अभिजीत काफी तनाव में आ चुका था.

वारदात के सिक्वेंस का जिक्र करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने बताया है कि एक जनवरी को दिव्या उसे ढूंढती हुई दिल्ली के साउथ एक्सटेंशन फेज वन में मौजूद उसके मकान जे-21 में पहुंची. जहां उसके दोस्त बलराज, रवि बंगा, प्रवेश और मेधा भी मौजूद थे. दिव्या के वहां पहुंचने के बाद मेधा उसके घर से जल्दी चली गई. लेकिन इसके बाद दिव्या ने उस पर रुपयों के लिए फिर से दबाव बनाना शुरू कर दिया. अब अभिजीत को लगने लगा कि कहीं दिव्या उसके दोस्तों के सामने उसकी बेइज्जती ना कर दे, इसलिए उसने दिव्या से बातचीत करने और मामले को सुलझाने के लिए उसे घर से दूर ले जाने का फैसला किया… इसके बाद एक और दो जनवरी की दरम्यानी रात को वो दिव्या और अपने दोस्त बलराज को लेकर गुरुग्राम के अपने होटल सिटी प्वाइंट के लिए निकला. तीनों अभिजीत की मिनी कूपर कार में साउथ एक्स वाले मकान से रात करीब सवा तीन बजे निकले. और एक घंटे बाद यानी करीब सवा चार बजे होटल सिटी प्वाइंट पहुंच गए.

अभिजीत ने वहां एक कमरा यानी रूम नंबर 114 अपने लिए रिजर्व कर रखा था. जहां वो अक्सर रुका करता था. लेकिन उस रात जब तीनों होटल में पहुंचे, तो फिर रूम नंबर 114 की चाबी नहीं मिली. जिसके बाद उसने अपने लिए रूम नंबर 111 खुलवा लिया और इस कमरे में दिव्या के साथ रुक गया. अभिजीत ने अपने दोस्त बलराज को होटल से वापस भेज दिया. बलराज के जाने के बाद अभिजीत और दिव्या रूम नंबर 111 में ही आराम करने लगे और सो गए. अगले दिन दोपहर को दोनों की आंख खुली. और जागने के बाद दोनों एक दूसरे से बातें करने लगे. लेकिन इसके बाद चीज़ें फिर से बिगड़ने लगी. इसी दौरान दिव्या ने खुलासा किया वो एक समलैंगिक लड़की है और उसे लड़कियां पसंद हैं.

अभिजीत का कहना था कि इसके बाद उसने अपनी दोस्त मेधा से दोपहर करीब साढे तीन बजे फोन पर बात की. और उसे अपने पास होटल में बुलाया. लेकिन इसी बीच दिव्या ने फिर से 30 लाख रुपयों की मांग शुरू कर दी. जिससे बात इतनी बिगड़ गई कि अभिजीत ने अपने पास मौजूद देसी पिस्टल से शाम करीब छह बजे दिव्या के सिर में गोली मार दी. गोली लगते ही दिव्या रूम नंबर 111 के फ़र्श पर गिर पड़ी और पूरा कमरा खून से भर गया.

पुलिस ने ये भी बताया है कि आखिर कैसे अभिजीत के दोस्तों ने दिव्या की लाश को संगरूर के भाखड़ा कनाल में ले जाकर ठिकाने लगा दिया और कैसे दोनों पटियाला में अभिजीत की बीएमडब्लयू कार लावारिस छोड़ कर फरार हो गए.

बाद में पुलिस ने कैसे इस वारदात के 11 दिन बाद 13 जनवरी को दिव्या की लाश बरामद की. पुलिस इस मामले में अभिजीत, उसके दोस्त और पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट के वकील बलराज गिल, रवि बंगा, अभिजीत की एक और फीमेल फ्रेंड मेधा, अभिजीत के पीएसओ प्रवेश और होटल के कर्मचारी हेमराज और ओम प्रकाश को इस मामले में गिरफ्तार किया है और चार्जशीट में दिव्या के कत्ल से लेकर उसकी लाश निपटाने में सभी के रोल का जिक्र है.

हथियार सप्लाई करने वाले की तलाश
हालांकि इस मामले में पुलिस को अभी भी एक शख्स की तलाश है, जिसका नाम नदीम है. ये नदीम है जिसने अभिजीत के पीएसओ प्रवेश को नाजायज अस्लहे की सप्लाई की थी, जिसका इस्तेमाल दिव्या के कत्ल में किया गया. लेकिन आखिर मॉडल दिव्या होटेलियर अभिजीत सिंह के संपर्क में कैसे आई? और दोनों के रिश्ते से लेकर उसके क़त्ल तक की ये कहानी कैसे शुरू हुई. ये जानना भी कम अहम नहीं है.

Related Articles

Back to top button