हादसे से पहले कहा- आज चारों मरेंगे और सच में हो गई मौत, 230 की स्पीड से कंटेनर में जा घुसी BMW कार

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर चार दोस्त एक कार से जा रहे थे. चारों पर रफ्तार का जुनून ऐसा सवार हुआ कि कार को 230 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ाने लगे. कार में मौजूद एक दोस्त को यह भी कहते हुए सुना जा सकता है और तेज चलाओ कार को 300 के पार ले चलो. इसी दौरान उनकी कार एक कंटेनर में जा घुसती है. हादसे में चारो की मौत हो जाती है. दुर्घटना के दौरान वे फेसबुक पर लाइव थे.
पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को सुलतानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में हुए एक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई. हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख प्रकट किया है. सीएम कार्यालय ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा, ”उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद सुलतानपुर में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है. मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है.”





