नहीं थम रहा मजदूरों पर कहर, अब यहां घर जा रहे मजदूरों को बस ने कुचला, छह की मौके पर मौत
फिर से एक दिल दहला खबर सामने आई है। सडकों पर अपने घरों की ओर लौटते मजदूरों पर लगातार कहर बरस रहा है। ताजा मामला उत्तरप्रदेश का है जहां मेरठ में बुधवार रात दर्दनाक हादसे में 6 लोगों की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर-सहारनपुर स्टेट हाइवे पर पंजाब से लौट रहे मजदूरों को एक रोडवेज बस ने कुचल दिया।
मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई और चार की हालत गंभीर है। सभी घायलों को मेरठ मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी घटना मेरठ के घलौली चेकपोस्ट से आगे रोहाना टोल प्लाजा के पास की बताई जा रही है। बताया गया कि बिहार में गोपालगंज जिले के रहने वाले कुछ मजदूर पंजाब से पैदल लौट रहे थे। पीछे से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची एवं सभी घायलों को एंबुलेंस से मेरठ मेडिकल के लिए भेजा गया। कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है। सिटी कोतवाली प्रभारी ने घटना में छह मजदूरों की मौत की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दो मजदूरों से पूछताछ में उन्होंने रोडवेज बस से हादसा होना बताया है।
मामले में एरिया में नाकाबंदी करने के बाद मुजफ्फरनगर सिटी कोतवाली पुलिस ने खूनी रोडवेज बस को जप्त कर लियाहै। रोडवेज की बस आगरा के ताज डिपो की है जिसका ड्राइवर भी गिरफ्तार कर लिया गया है।




