
गिरीश गुप्ता गरियाबंद
गरियाबंद। छूरा विकासखंड के तोरेंगा गांव में बीती रात दो स्थानों पर गाज गिरने की जानकारी सामने आई है। गाज गिरने से एक मवेशी की मौत की खबर भी सामने आ रही है। गांव में एक साथ दो अलग-अलग स्थानों पर गाज गिरने से ग्रामीण दहशत में आ गए है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात तोरेंगा में बादल गरजने के साथ दो स्थानों पर आकाशीय बिजली गिर गई। एक सड़क किनारे बने कृष्ण कुमार यादव के घर पर और दूसरा बस्ती के नीचे साइड लगे ट्रांसफार्मर पर रात तकरीबन साढ़े 11 बजे गाज गिर गयी। इस हादसे में कृष्ण कुमार की एक गाय की मौत हो गयी। गाज गिरने से ट्रांसफार्मर भी जल गया।
कृष्ण कुमार यादव की पत्नी गंगा यादव ने बताया कि रात के समय वे सो रहे थे। अचानक जोर से बिजली कड़कने की आवाज आई और उनके घर की बिजली गोल हो गयी। घर के पीछे परछी में बंधी उनकी दुधारू गांय की तत्काल मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि बिजली घर के सामने बने रोशनदान से अंदर आई और फिर दूसरे कमरे की दीवार में छेद कर उसके पीछे परछी में बंधी गाय पर जा गिरी।
घटना के बाद से घर के सदस्य दहशत में है। मेहनत मजदूरी कर अपना परिवार चलाने वाले कृष्ण कुमार के लिए गाय की मौत एक बड़ा झटका है। पीड़ित परिवार ने शासन से मदद की गुहार लगाई है। वही एक साथ दो स्थानों पर बिजली गिरने से गांव के लोग भी दहशत में है।
इस तरह गाज गिरने की क्षेत्र में यह पहली घटना है।




