चावल पक रहे गंज में गिरा मासूम, बुरी तरह से झुलसा 5 साल का छात्र, पोटाकेबिन के किचन में हुआ हादसा

बीजापुर। जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आ रही है जहां एक 5 साल का मासूम चावल पक रहे गंजे में गिर गया। इस हादसे में वह बुरी तरह झुलस गया है। हादसे की जानकारी मिलते ही विभागीय अफसर छात्र को देखने अस्पताल पहुंचे। बच्चे का बीजापुर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दरअसल, मामला जिले के उसूर पोटाकेबिन का है। यहां पढ़ाई कर रहे छात्र मुचाकी हड़मा शुक्रवार की शाम किचन में किसी काम से गया हुआ था। वो चूल्हे के पास पहुंचा। अचानक उसका पैर फिसल गया और वो सीधे चूल्हे के ऊपर रखे चावल के गंज में गिर गया। बताया जा रहा है कि, हादसे से कुछ देर पहले ही चावल पकाने के लिए चूल्हे पर रखा गया था।
बच्चे की आवाज सुनकर अधीक्षक और सभी छात्र मौके पर पहुंचे जहां से उसे अस्पताल ले जाया गया। छात्र को सबसे पहले उसूर के अस्पताल लेकर गए। जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद मासूम को फौरन बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जहां उसका इलाज जारी है।




