इतने सुखोई लड़ाकू विमान खरीदने की तैयारी में है अब एयरफोर्स
भारत और चीन के बीच पूर्वी लद्दाख में तनाव कम होता नजर नहीं आ रहा है. भारतीय वायुसेना ने बढ़ते तनाव के बीच अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने की योजना तैयार कर ली है. भारतीय वायुसेना ने केंद्र सरकार को 12 सुखोई और 21 मिग-29 विमानों के के शीघ्र अधिग्रहण के लिए प्रस्ताव भेजा है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह प्रस्ताव रक्षा मंत्रालय को भेज दिया गया है. रक्षा मंत्रालय 5,000 करोड़ के इस प्रोजेक्ट पर अगले सप्ताह तक निर्णय लेगा. सूत्रों ने इंडिया टुडे को यह जानकारी दी है. सूत्रों के मुताबिक मिग-29 विमानों में रूस मॉडिफिकेशन करेगा और उन्हें अधिक उन्नत बनाएगा.
मौजूदा वक्त के हिसाब से अतिरिक्त मॉडिफिकेशन इन लड़ाकू विमानों में कराने का प्रस्ताव एयरफोर्स ने दिया है. 2016 में 36 राफेल अनुबंध पर हस्ताक्षर किए जाने के बाद वायु सेना में अनुबंधित 33 नए विमानों में से यह दूसरा सबसे बड़ा विमान होगा.
एयरफोर्स ने लड़ाकू विमानों से संबंधित सभी उपकरणों को खरीदने का प्रस्ताव दिया है, जिससे भविष्य में खराब होने वाले पुर्जों को दुरुस्त किया जा सके. दरअसल इससे पहले खुद रूस ने भारतीय वायुसेना की लड़ाकू विमानों की कमी को दूर करने के लिए नए लड़ाकू विमान देने का प्रस्ताव दिया था।



