छत्तीसगढ़

कोरोना वायरस को लेकर CM की आपात बैठक में नहीं बुलाए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री ने जताई नाराजगी

कोरोना वायरस (Coronavirus) के खतरे के मद्देनजर गुरुवार को सीएम हाउस में हुई आपात बैठक में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव (Chhattisgarh Health Minister TS Singhdeo) को नहीं बुलाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई है। स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव ने कहा कि जिस विभाग की चर्चा के लिए बैठक हुई, उसमें विभागीय मंत्री को बुलाया जाना चाहिए। सीएम सचिवालय के अधिकारियों को जानकारी देनी चाहिए थी।

दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री ने बुलाई आपात बैठक

दरअसल, गुरुवार को दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंत्री और अफसरों की आपात बैठक बुलाई, जिसमें स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को ही नहीं बुलाया गया था। इस आपात बैठक में सीएम भूपेश ने राज्य स्तरीय कोर कमेटी बनाने और रायपुर में कमांड सेंटर बनाने के आदेश जारी कर दिए। उन्होंने स्वास्थ्य सचिव निहारिका बारीक से अस्पतालों की तैयारियों के बारे में जानकारी ली। सचिव को कहा कि वायरस से संबंधित कोई एडवाइजरी हिंदी में जारी की जाए, ताकि आम व्यक्ति समझ सके।

सीएम की लोगों से अपील की

सीएम ने लोगों से अपील की है कि वे भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में न जाएं। छत्तीसगढ़ के लिए अच्छी खबर यह है कि यहां अभी तक जिन 41 संदिग्धों के सैंपल लिए गए हैं, वे सभी निगेटिव आए हैं। गुरुवार को किसी का सैंपल नहीं लिया गया। बैठक में मंत्री रविन्द्र चौबे, मोहम्मद अकबर, मुख्य सचिव आरपी मण्डल, अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, सुब्रत साहू, सीएम के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी मौजूद थे।

रोजाना बैठक करेगी कमेटी

स्वास्थ्य सचिव की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय राज्य स्तरीय कोर कमेटी बनाई गई है, जिसमें सचिव व आयुक्तों, एम्स और मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ हैं। यह कमेटी रोजाना पुराने नर्सिंग हॉस्टल में बनाए गए राज्य स्तरीय कंट्रोल एंड कमांड सेंटर में बैठक करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button