छत्तीसगढ़

मैनपुर के दौरे पर पहुंचे कलेक्टर डेहरे, विकास कार्यों का लिया जायजा

प्रतीक मिश्रा गरियाबंद- जिले के नव पदस्थ कलेक्टर छतर सिंह डेहरे आज अचानक मैनपुर विकासखंड के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मैनपुर में शासन की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की फील्ड में जाकर समीक्षा की। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय लंगेह भी मौजूद थे।

कलेक्टर डेहरे ने सर्वप्रथम वन विभाग अंतर्गत संचालित वनधन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने वन उपज संग्रहण केंद्र और वनोपज प्रसंस्करण केंद्र को आगामी जून माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिये आरईएस के एसडीओ को दिए। ज्ञात है कि जिले में 27 वनोपज संग्रहण केंद्र एवं 09 प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित किए जाएंगे। यहां महिला समूह और वन संग्राहको के वनोपज का संग्रहण करते हुए उनका प्रसंस्करण किया जाएगा। कलेक्टर डेहरे ने बरसात के पूर्व इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए जिले में आए प्रवासी मजदूरों को क्वॉरेंटाइन सेंटर में रखा गया है कलेक्टर डेहरे ने आज भाठीगढ़ स्थित शासकीय नवीन महाविद्यालय पहुंचकर यहां व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के लिए खाने और रहने का समुचित इंतजाम सुनिश्चित किया जाए तथा निगरानी के लिए ड्यूटी निर्धारित करें। सेन्टर प्रभारी द्वारा बताया गया कि यहां इस केंद्र में 23 प्रवासी मजदूर रह रहे हैं। उनके लिए खाना सहित अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

तत्पश्चात डेहरे ने भाठीगढ़ के आदर्श गौठान का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गौठान में नाली निर्माण के निर्देश दिए, उन्होंने कहा कि बरसात में गिरने वाले पानी मैदान में इधर-उधर न बहे इसलिए नाली बनाकर पूर्ण रूप से पानी का निकासी सुनिश्चित किया जाए।

ज्ञात है कि भाठीगढ़ में बने आदर्श गौठान में लगभग 300 से अधिक मवेशियों के रुकने की व्यवस्था है। जनपद पंचायत के सीईओ नरसिंह ध्रुव ने बताया कि यहां वर्मी और कंपोस्ट खाद महिला समूह द्वारा बनाया जा रहा है। इसके अलावा बाउंड्री के लिए भी बांस और तार की व्यवस्था की गई है।

ग्राम बेहराडीह में अंतर विभागीय अभिसरण एवं एकीकृत कार्य योजना द्वारा 117 एकड़ क्षेत्र में 59 कमार जनजाति परिवारों के लिए आजीविका संवर्धन के लिए व्यापक कार्य योजना बनाई गई है जिसका निरीक्षण कलेक्टर द्वारा किया गया। यहां इस क्षेत्र में मछली पालन, सब्जी उत्पादन ,पौधरोपण ,पशुपालन और फसल उत्पादन के माध्यम से कमार परिवारों की जीवन में समृद्धि लाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने ईश्वर नेताम के खेत में जाकर मचान खेती का अवलोकन किया। लगभग 10 डिसमील क्षेत्र में लकड़ी का मचान बनाकर कद्दूवर्गीय या सब्जी के साथ साथ लतावर्गीय वाले सब्जी उगाए जाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र में दो तालाब और 3 डबरी का निर्माण किया गया है, 17 किसानों को कुआं प्रदान किया गया है जिससे खेतों मेें सिंचाई किया जायेगा। यहां के 32 किसानों का मनरेगा अतंर्गत भूमि सुधार भी किया गया है। वही लगभग दो हजार स्थानीय पेड़ सड़क के दोनों ओर लगाए जाएंगे एवं तालाब के मेडों में भी अरहर और अन्य स्थानीय पेड़ रोपे जायेंगे।

समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैनपुर का भी औचक निरीक्षण कलेक्टर द्वारा किया गया। उन्होंने प्रतिदिन आने वाले ओपीडी में मरीजों की संख्या की जानकारी ली। साथ ही कोरोनावायरस के संक्रमण को रोकने के लिए अस्पताल के प्रवेश द्वार पर ही सेनेटाइजर ,साबुन और पानी रखने के निर्देश दिए हैै।

उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में आने वाले हर व्यक्ति पहले सैनिटाइजर या साबुन से हाथ धो कर ही अंदर प्रवेश करें। दवाई की पर्याप्त मात्रा उपलब्ध हो जिससे मरीज अन्यत्र ना भटके। उन्होंने बीएमओ श्री नेगी को बरसात को ध्यान में रखते हुए एंटी वेनम वैक्सीन भी पर्याप्त मात्रा में रखने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button