छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के अंतर्गत नगरी थाना क्षेत्र में घोरागांव जंगल में रविवार की रात पुलिस और नक्सलियों के बीच जमकर मुठभेड़ हुई है। मुठभेड़ में पुलिस ने एक नक्सली को मार गिराया है। घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद किया गया है। बता दें कि नगरी ब्लॉक का एक बड़ा हिस्सा नक्सल प्रभावित इलाके में शामिल है, जहाँ नक्सलियों की मौजूदगी की भनक अक्सर सामने आती रहती है।
नक्सलियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ की टीम लगातार सर्चिंग में जुटी हुई है। बीती रात भी नगरी डीआरजी की टीम थाना क्षेत्र के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। यह टीम नगरी से ग्राम सांकरा, फरसियां, निर्राबेड़ा जंगल मे सर्चिंग करते हुए ब्लॉक मुख्यालय से करीब 19 किलोमीटर दूर गरियाबंद सीमा से लगे घोरागांव जंगल पहुंची थी।
वहीं जंगल में घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। डीआरजी की टीम ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, बहुत देर तक चले मुठभेड़ के बाद नक्सली वहां से भाग निकलने में कामयाब रहे। गोलीबारी रुकने के बाद जब टीम ने मौके पर तलाशी ली तो वहां से एक नक्सली का शव बरामद हुआ, इसके अलावा एक हथियार भी मौके से बरामद हुआ है।
डीआरजी की टीम रात में ही मृत नक्सली के शव को नगरी ले आई। मृत नक्सली का नाम रवि बताया जा रहा है, जो कि गोबरा एलओएस का सक्रिय सदस्य था और कई घटनाओं में शामिल भी था। एसपी बी पी राजभानु, एएसपी मनीषा ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए थे। सोमवार की सुबह एक और सर्चिंग टीम मौके के लिए रवाना हुई, यह टीम घोरागांव सहित आसपास के जंगलों में छानबीन में जुटी हुई है। आशंका जताई जा रही है कि इस मुठभेड़ में और भी नक्सली हताहत हुए हैं, जिन्हें उनके साथी नक्सली अपने साथ लेकर भाग निकले।
घटना की पुष्टि करते हुए एएसपी मनीषा ठाकुर रावटे ने बताया कि घोरागांव जंगल में रविवार रात करीब पौने दस बजे के आसपास नगरी डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है, जिसमें एक नक्सली मारा गया है. घटनास्थल से एक हथियार भी बरामद हुआ है। अतिरिक्त सर्चिंग टीम भेजकर घटनास्थल और आसपास जंगलों की छानबीन की जा रही है।
Web title – A naxalite killed in police naxalite encounter in Nagari thana



