देश विदेशमध्यप्रदेश

डिवाइडर से टकराई कार, पलटते हुए 50 फीट तक घिसटी, कार सवार की मौके पर ही मौत

जबलपुर। कटंगी बाइपास में बुधवार की देर तेज गति से दौड़ रही एक कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। तेज गति होने के कारण कार कई बार पलटते हुए लगभग 50 फीट तक घिसटती गई। दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक को गंभीर चोट आयी है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

माढ़ोताल पुलिस के अनुसार बरेला निवासी प्रशांत पटेल चचेरे भाई आदित्य पटेल (19) के साथ बुधवार को खजरी खिरिया में आयोजित तिलक समारोह में गया था। दोनों देर रात को कार एमपी 20 सीजी 0127 से बरेला वापस जा रहे थे। कार को प्रशांत चला रहा था। वे कटंगी बाइपास के पास पहुंचे ही थे कि कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई। उसके बाद चालक ने कार पर नियंत्रण खो दिया। कार काफी दूर तक घिसटती चली गई। राहगीरों ने दुर्घटना में बुरी तरह घायल दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया।

दुर्घटना के समय कार की गति इतनी ज्यादा था कि डिवाइडर से टकराने के बाद कार कई फीट उछल गई। मुख्य मार्ग को पार कर सर्विस लेन में पहुंच गई। घिसटते हुए कार लगभग चकनाचूर हो गई। पीछे के दोनों टायर उखड़ गए। दरवाजा बंद होने से कार में सवार दोनों युवक अंदर ही रह गए। इस कारण उन्हें सिर पर गंभीर चोटें आयीं है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में घायल प्रशांत से मिले फोन नंबर पर स्वजन को सूचना दी गई। उसके बाद स्वजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। दोनों घायल युवकों को नजदीकी अस्पताल लेकर गए। जहां, जांच के बाद आदित्य को मृत घोषित कर दिया। उसका गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया है। अस्पताल में भर्ती प्रशांत की स्थिति गंभीर है। पुलिस अभी घायल का बयान दर्ज नहीं कर सकी है। जांच के बाद घटना के कारण स्पष्ट होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button